IND vs SL: जब 7 गेंदबाज नहीं दिला सके विकेट, तब आकिब नबी को क्यों नहीं आजमाया?

Knews Desk– श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया अपनी तैयारियों को परखने के लिए अभ्यास मैच खेल रही है. कोलंबो के NCC ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा. घरेलू खिलाड़ियों से बनी श्रीलंकाई टीम ने 90 ओवर में 8 विकेट खोकर 363 रन बना दिए. इस दौरान भारत ने 7 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस गेंदबाज की हो रही है, जिसे एक भी ओवर नहीं मिला.भारतीय टीम के स्क्वॉड में शामिल तेज गेंदबाज आकिब नबी पूरे दिन मैदान पर मौजूद रहे, लेकिन उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं दिया गया. वह ज्यादातर समय खिलाड़ियों को पानी पहुंचाते हुए ही नजर आए. यह फैसला इसलिए भी हैरान करने वाला रहा क्योंकि जसप्रीत बुमराह की चोट के बाद आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया था और उनसे इस दौरे पर उम्मीदें भी हैं.

7 गेंदबाजों को मिला मौका

टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के अलावा रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार और वॉशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाजों का इस्तेमाल किया. यानी टीम ने गेंदबाजी के लगभग सभी विकल्प आजमा लिए, लेकिन आकिब नबी को गेंद नहीं थमाई.भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन भी बहुत प्रभावी नहीं रहा. सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ ने मिलकर 33 ओवर गेंदबाजी की और 125 रन खर्च किए. इस दौरान उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला. दूसरी तरफ स्पिनरों ने जरूर कुछ राहत दी. रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

नबी को मौका नहीं मिलने पर सवाल

आकिब नबी को गेंदबाजी का मौका नहीं मिलने की सबसे बड़ी वजह भारतीय टीम मैनेजमेंट की रणनीति हो सकती है. अभ्यास मैच में अक्सर टीम अपने प्रमुख गेंदबाजों के वर्कलोड को मैनेज करती है और अलग-अलग खिलाड़ियों को अलग परिस्थितियों में परखा जाता है. हालांकि टीम की ओर से नबी को गेंद नहीं देने की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है.नबी के पक्ष में एक खास बात यह भी है कि उन्होंने हाल ही में श्रीलंका में खेला है. ऐसे में उन्हें वहां की परिस्थितियों और पिचों का ताजा अनुभव है. यही वजह है कि जब बाकी गेंदबाज श्रीलंकाई बल्लेबाजों को रोकने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब नबी को मौका नहीं मिलना चर्चा का विषय बन गया.

श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने जमकर बनाए रन

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की. ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े. इस साझेदारी को भारतीय गेंदबाजों ने नहीं, बल्कि रन आउट के जरिए तोड़ा.इसके बाद भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. निशान फर्नांडो ने 66, रविंदु रसंता ने 71 और कप्तान सोनल दिनुशा ने 52 रन की पारी खेली. 284 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद भी श्रीलंकाई टीम ने 7वें विकेट के लिए 63 रन जोड़ दिए.पहले दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 8 विकेट पर 363 रन बना लिए. अब दूसरे दिन सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या भारतीय टीम आकिब नबी को गेंदबाजी का मौका देती है या फिर उन्हें सिर्फ फील्डिंग तक ही सीमित रखा जाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *