पश्चिमी सिंहभूम में बकाया रकम को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। सोनुआ थाना क्षेत्र में 41 वर्षीय जिंगी बांकीरा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Knews Desk – पुलिस के मुताबिक, घटना 11 नवंबर की आधी रात के आसपास सोनुआ थाना क्षेत्र के हड़िमारा गांव में हुई। चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सैयद मुस्तफा हाशमी के अनुसार, घटना के समय कुछ लोग रीना गोप के घर के बाहर अलाव ताप रहे थे। हाल ही में रीना गोप के पति पांडु गोप की मौत हुई थी और उनकी मृत्यु के बाद होने वाली पारंपरिक रस्म ‘मरखी’ पूरी हो चुकी थी।
इसी दौरान 41 वर्षीय जिंगी बांकीरा वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि जिंगी का रीना गोप के दिवंगत पति पांडु गोप पर 500 रुपये बकाया था। महिला इस बात से नाराज थी कि कर्ज की रकम लौटाए बिना ही पांडु गोप की मौत हो गई। इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, जिंगी ने कथित तौर पर वहां मौजूद लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया।
बगीचे में छिपी महिला, आरोपियों ने पीछा कर पकड़ा
विवाद बढ़ने के बाद जिंगी वहां से भागकर अपने घर के पीछे स्थित एक बगीचे में जाकर छिप गई। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और उसे खोज निकाला। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसके बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए सड़क तक पहुंचाया और बेरहमी से उसकी पिटाई की।
हमले में जिंगी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चक्रधरपुर के एसडीपीओ सैयद मुस्तफा हाशमी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
महज 500 रुपये के बकाये को लेकर हुए विवाद में महिला की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।