उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कन्नौज में पुलिस की कार्यशैली पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई। उन्होंने फर्जी खुलासों और अभियान के नाम पर बेकसूर लोगों को आरोपी बनाने को लेकर पुलिस को कड़ी चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि वह खुद पुलिस सिस्टम का हिस्सा रह चुके हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझते हैं।
Knews Desk – असीम अरुण रविवार को कन्नौज में भाजपा की ओर से आयोजित जनजाति गौरव दिवस एवं घुमंतू गौरव समागम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के तीनों भाजपा विधायक, पूर्व सांसद और पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए असीम अरुण ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह खुद पुलिस में रहे हैं और पुलिस का पूरा सिस्टम समझते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली समझाने की कोशिश न की जाए।
अभियान के नाम पर बेकसूरों को पकड़ने पर चेतावनी
मंत्री ने कहा कि ऊपर से आदेश आता है कि तमंचा पकड़ने का अभियान चलाना है, गांजा और शराब पकड़नी है। लेकिन जब दरोगा किसी को पकड़ नहीं पाते तो बेकसूर लोगों को पकड़कर आरोपी बना दिया जाता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी बेकसूर को कानपुर, उन्नाव या अन्य अदालतों में सजा दिलवा भी दी जाए, लेकिन ऊपर वाले की अदालत में मिलने वाली सजा से बचना संभव नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि किसी अभियान का लक्ष्य पूरा करने के लिए निर्दोष व्यक्ति को जेल भेजना ठीक नहीं है। मंत्री के इस बयान को पुलिस की ओर से घुमंतू समाज के लोगों के खिलाफ कथित कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है।
माना जा रहा है कि घुमंतू समाज से जुड़े कुछ मामलों की जानकारी मिलने के बाद असीम अरुण ने मंच से पुलिस को नसीहत दी। खास बात यह रही कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी वाले मंच से ही मंत्री ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
सत्ता पक्ष के मंत्री की ओर से पुलिस की कार्रवाई पर इस तरह सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताए जाने के बाद असीम अरुण का बयान पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बन गया है। उनके बयान को पुलिस कार्रवाई में निष्पक्षता और बेकसूर लोगों को निशाना न बनाने के स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।