टीवी सीरियल ‘उतरन’ में वीर के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर नंदिश सिंह संधु ने दूसरी शादी कर ली है। नंदिश ने 14 नवंबर को अपनी गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस कविता बनर्जी के साथ शादी की। दोनों ने बंगाली रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी की है। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद फैंस उन्हें जमकर बधाइयां दे रहे हैं।
Knews Desk– नंदिश सिंह संधु और कविता बनर्जी लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। अक्टूबर 2025 में दोनों का रोका हुआ था। रोका होने के करीब एक साल बाद अब दोनों शादी के बंधन में बंध गए हैं। सामने आई तस्वीरों में नंदिश और कविता की जोड़ी बेहद खूबसूरत नजर आ रही है।
कविता बनर्जी भी एक्टिंग की दुनिया से जुड़ी हुई हैं। वह ‘भाग्य लक्ष्मी’, ‘रिश्तों का मांझा’ और ‘दिव्य प्रेम’ जैसे टीवी शोज में काम कर चुकी हैं। टीवी के अलावा कविता बॉलीवुड फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ में भी नजर आ चुकी हैं। साल 2022 में रिलीज हुई इस फिल्म में अर्जुन कपूर, जॉन अब्राहम, तारा सुतारिया और दिशा पाटनी मुख्य भूमिकाओं में थे। कविता ने फिल्म में छोटा सा रोल निभाया था।

वहीं, नंदिश सिंह संधु टीवी के जाने-माने एक्टर्स में शामिल हैं। उन्होंने कई टीवी शोज और फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता कलर्स टीवी के सीरियल ‘उतरन’ से मिली। साल 2008 में शुरू हुए इस शो में उन्होंने वीर का किरदार निभाया था। शो में टीना दत्ता और रश्मि देसाई भी अहम भूमिकाओं में थीं। इसी सीरियल के सेट पर नंदिश और रश्मि देसाई के बीच प्यार हुआ था।
‘उतरन’ शुरू होने के करीब तीन साल बाद 2011 में नंदिश सिंह संधु और रश्मि देसाई ने शादी की थी। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल सका और साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के करीब 10 साल बाद नंदिश ने अब कविता बनर्जी के साथ अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की है।

शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोग दोनों को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। दूसरी ओर, नंदिश और कविता की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में हैं।