KNEWS DESK- देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को छठ पूजा के तीसरे दिन दिल्ली से लेकर पटना तक विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने शाम के समय डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। खरना के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे के निर्जला उपवास पर हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
दिल्ली से पटना तक घाटों पर उमड़ी भीड़

दिल्ली के आईटीओ समेत विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालु पूजा सामग्री सिर पर रखकर घाटों तक पहुंचे। घाटों पर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए। वहीं पटना में गंगा नदी के घाटों पर भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट

राजधानी दिल्ली में विभिन्न छठ घाटों पर पर्व की भव्यता देखने को मिली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार स्थित यमुना नदी के घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। उन्होंने दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घाटों पर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच पूजा-अर्चना हुई।
PM मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ के पावन पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर संध्या अर्घ्य के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकृति की उपासना को समर्पित यह पवित्र अवसर सभी के जीवन में नई ऊर्जा और स्फूर्ति का संचार करे। उन्होंने समाज में एकता और सद्भाव के बंधन मजबूत होने की कामना की और भगवान सूर्य के आशीर्वाद से सभी के जीवन के आलोकित होने की प्रार्थना की।
CM योगी ने बताया सनातन चेतना का दिव्य प्रकाश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लक्ष्मण मेला छठ घाट पर सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा कि छठ भारत की सनातन चेतना के दिव्य प्रकाश का प्रतीक है। सीएम योगी ने कहा कि छठ कठोर अनुशासन का पाठ सिखाता है और तीन दिनों तक निर्जला व्रत रखना गहन आध्यात्मिक साधना है। उन्होंने कहा कि हम केवल डूबते हुए सूर्य की ही नहीं, बल्कि उगते हुए सूर्य की भी उपासना करते हैं।
मुंबई में भी दिखा छठ का भव्य नजारा

मुंबई के जुहू बीच पर हजारों श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचे। करीब 4 से 5 किलोमीटर तक फैले बीच पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। अरब सागर के किनारे श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद श्रद्धालु पूरी रात बीच पर रहकर रेत में अस्थायी वेदी बनाएंगे और परिवार के साथ प्रार्थना करेंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और व्रती महिलाएं पारण करेंगी।