भाजपा में शामिल होने पर भ्रष्टाचारी भी हो जाते हैं साफ सुथरे : माहरा

देहरादून, प्रदेश कांग्रेस लगातार सत्ताधारी भाजपा पर हमलावर है। उसका कहना है कि धामी सरकार दूसरों को दागदार साबित करने में लगी हुई है। जबकि उनके खुद के नेता भ्रष्टाचार में लिप्त पाये जाते हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष करन माहरा ने बीते दिनों आरटीआइ में हुए भाजपा से शहर के मेयर सुनील उनियाल गामा की करोड़ो की सम्पत्ति के हुए खुलासे को लेकर कहा कि मेयर गामा की सम्पत्ति पांच साल में दोगुनी से भी अधिक हो गयी है। जिससे यह आय से अधिक सम्पत्ति का मामला बनता है। लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार इस पर मौन है। इसकी जांच होनी चाहिए कि इतनी सम्पत्ति आखिर कहां से आयी। साथ ही उन्होने सरकार पर आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार हो, अंकिता हत्याकांड हो या फिर पेपर लीक मामला सभी में सत्ताधारी भाजपा के नेताओं के नाम सामने आये हैं। उन्होने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को डरा धमकाकर उसके नेताओं को झूठे आरोपों में फंसाने की गन्दी राजनीति कर रही है। और अगर वे नेता भाजपा का दामन थाम लेते हैं तब उनपर से सभी जांचों को हटा कर क्लीन चिट दे दी जाती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बताया कि भाजपा एक वाशिंग मशीन की तरह है। जिसमें जाते ही नेता साफसुथरे हो जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस से भाजपा में गये उत्तरकाशी के नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष अतोल सिंह को निशाने में लेते हुए कहा कि अतोल पर भी राजीव आवास योजना में अपात्रों को आवास आवंटित करने के आरोप हैं।

About Post Author