चारधाम यात्रा में यात्रियों की सुविधाओं में कमी बर्दाश्त नहींः सतपाल महाराज

देहरादून, उत्तराखंड में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा में अब तीन सप्ताह से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में यात्रा को लेकर लगातार समीक्षा बैठकों का दौर जारी है। साथ ही तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिससे चारधाम यात्रा को सफल बनाया जा सके। इसी कड़ी में पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की और कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान पूरे देश से लोग यहां आते हैं। इसलिए यहां की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी होने से राज्य की छवि भी धूमिल होती है। जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। साथ ही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी यात्रियों को गुमराह न करे। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किये जाएं। साथ ही ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होने कहा कि यात्रियों का स्वागत देवभूमि की संस्कृति से जय यमुनोत्री, जय गंगोत्री, जय केदार व जय बदरी विशाल के उद्घोष से किया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, एसडीआरएफ, गोताखोर, यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया जाए। साथ ही इस और भी ध्यान दें कि जिन यात्रा मार्गों पर भूस्खलन होने की संभावना बनी रहती है, वहां पर मार्ग से मलवा हटाने हेतु जेसीबी मशीनों को रखने की भी व्यवस्था करें। इसके अलावा खच्चरों के दाने-पानी और विश्राम की व्यवस्था की जाए। साथ ही बीते साल हेली सेवाओं में ब्लैक टिकट को इस बार दोहराया न जाए। ऐसा करने वालों पर भी सख्त कार्यवाही की जाए। महाराज ने अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश ब्रांडिंग भी करती है, इसलिए राज्य की प्रतिष्ठा पर कोई आंच न आये इसे ध्यान में रखते हुए सभी इंतजामों को समय से पूरा किया जाए।

About Post Author