शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नवनियुक्त मंत्रियों ने कार्यभार संभालते ही विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए मंत्रियों ने जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया, वहीं दूसरी ओर अखिलेश यादव के हालिया बयानों को ‘मानसिक असंतुलन’ और ‘हताशा’ करार दिया।
भूपेंद्र चौधरी का तंज- नतीजे देखकर 4 घंटे बेहोश थे अखिलेश
कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष को बंगाल और बिहार के चुनावों ने पहले ही संदेश दे दिया है। अखिलेश यादव के तंज पर पलटवार करते हुए उन्होंने एक पुराना वाकया याद दिलाया और कहा कि जिस दिन बंगाल चुनाव के नतीजे आ रहे थे, उस दिन अखिलेश यादव 4 घंटे तक बेहोश थे। उन्हें पता चल गया है कि जनता अब उनके साथ नहीं है।” चौधरी ने आगे कहा कि अखिलेश यादव एक वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उनसे ऐसे अमर्यादित व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जाती। मंत्रिमंडल का गठन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और सपा अब ‘समाजवादी’ से ‘समाप्तवादी’ पार्टी बनने की ओर अग्रसर है।
मनोज पांडेय का पलटवार- यह अखिलेश का मानसिक असंतुलन है
सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और अब मंत्री बने मनोज कुमार पांडेय ने अखिलेश यादव के सवालों को उनका ‘मानसिक असंतुलन’ बताया। उन्होंने कहा कि आज जब पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रवाद और सनातन के स्तंभ के साथ खड़ा है, तब सपा इस तरह के बेतुके सवाल उठा रही है। अपनी नई जिम्मेदारी पर उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूँ। हम पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और संगठन जो भी दिशा-निर्देश देगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।”
कृष्णा पासवान- संगठन के हर दायित्व का करूँगी निर्वहन
दलित समाज का बड़ा चेहरा और नवनियुक्त मंत्री कृष्णा पासवान ने अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरी उतरेंगी। कृष्णा पासवान ने कहा, “मुख्यमंत्री और संगठन मुझे जो भी दायित्व सौंपेंगे, मैं पूरी शक्ति के साथ उसका निर्वहन करूँगी। हमारा लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुँचाना है।”
हंसराज विश्वकर्मा- प्रदेश को बनाएंगे उत्तम प्रदेश
वाराणसी से आने वाले पिछड़ा वर्ग के कद्दावर नेता हंसराज विश्वकर्मा ने सेवा भाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पूरी टीम सेवा के भाव से काम करेगी। उनका एकमात्र उद्देश्य उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाकर ‘उत्तम प्रदेश’ बनाना है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं के सम्मान की जीत बताया।