यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर खींचतान, कांग्रेस ने नेताओं को दी चुप रहने की सलाह

Knews Desk – सपा की ओर से उम्मीदवारों के ऐलान और 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस में नाराजगी सामने आई है। इमरान मसूद ने बातचीत जारी रखने पर सवाल उठाए, वहीं कांग्रेस आलाकमान ने नेताओं से धैर्य रखने और सार्वजनिक प्रतिक्रिया से बचने को कहा है।

सपा के फैसलों से कांग्रेस में नाराजगी

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती दिखाई दे रही है। सपा की ओर से सहारनपुर की दो सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान और अखिलेश यादव की ओर से 26 सीटों को लेकर किए गए पोस्ट के बाद कांग्रेस में नाराजगी सामने आई है।

यूपी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने सपा के कदम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दल बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवारों का ऐलान किया जा रहा है। उनके मुताबिक, इससे बातचीत को लेकर गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं।

इमरान मसूद ने बातचीत पर उठाया सवाल

लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इमरान मसूद ने सपा की सूची पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है, उससे लगता है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब पार्टी के अंदर इस मुद्दे पर चर्चा होगी कि आगे बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं।

मसूद ने स्पष्ट किया कि इस मामले में अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान ही करेगा।

सपा के रुख से कांग्रेस आलाकमान भी नाखुश बताया जा रहा है, लेकिन पार्टी ने अपने नेताओं को इस मुद्दे पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से बचने की सलाह दी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस का मानना है कि अगर सपा के व्यवहार का जवाब उसी तरीके से दिया गया तो गठबंधन के लिए मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

कांग्रेस की ओर से गठबंधन को बनाए रखने के लिए धैर्य से काम करने पर जोर दिया गया है। पार्टी का मानना है कि गठबंधन के नेतृत्व की जिम्मेदारी को देखते हुए बातचीत का रास्ता खुला रखना जरूरी है।

अखिलेश बोले- 26 सीटों से हुई शुरुआत

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों के ऑफर और प्रत्याशियों की सूची को लेकर कहा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि मिलजुलकर समझदारी से आगे बात बढ़ेगी और सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है।

अखिलेश यादव ने अपने X पोस्ट में यह भी कहा कि सपा अपने प्रत्याशियों को पीडीए प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि अगर किसी को सीट नहीं मिल रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश होने की जरूरत नहीं है।

अखिलेश के मुताबिक, अगर किसी दल के बड़े नेता ने सीटों में फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सरकार बनाने की सोच है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद सभी को सम्मान और स्थान मिलेगा।

अखिलेश यादव ने सीटों के बंटवारे को केवल सीट शेयरिंग के तौर पर देखने के बजाय नए हालात और समीकरण के हिसाब से कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करने की बात कही है। ऐसे में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही बातचीत अब गठबंधन के लिए अहम दौर में पहुंचती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *