थाईलैंड से कानपुर पहुंची महिला, बोली- इरफान ने शादी के नाम पर ठगे 60 लाख, धर्म बदलने का बनाया दबाव

थाईलैंड की रहने वाली एक महिला ने कानपुर के युवक इरफान पर शादी के नाम पर 60 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की दोस्ती हुई थी, जिसके बाद युवक थाईलैंड पहुंचा और उससे शादी की। कानपुर पहुंचने पर महिला को पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक महिला ने युवक पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, उसकी मुलाकात इरफान से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में इरफान थाईलैंड गया, जहां दोनों ने शादी कर ली।

महिला का आरोप है कि इरफान ने उसे बताया था कि वह अपनी पत्नी को तलाक दे चुका है। इसी भरोसे पर वह उसे अपना पति मानती रही। महिला के मुताबिक, पिछले दो वर्षों के दौरान इरफान ने उससे करीब 60 लाख रुपये लिए और बाद में उसे धोखा देने लगा।

महिला जब इरफान को तलाशते हुए कानपुर पहुंची और उसके घर गई, तो उसे पता चला कि वह करीब 14 साल से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बाद महिला ने एडीसीपी शिवा सिंह से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की।

महिला का आरोप है कि जब उसने इरफान से अपने पैसे वापस मांगे तो उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाने लगा। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपना धर्म नहीं बदलेगी और अगर उसे उसके पैसे वापस मिल जाते हैं तो वह थाईलैंड लौट जाएगी।

एडीसीपी शिवा सिंह के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *