Bigg Boss 20: लव गिल के लिए स्काउट ओपी के दिल में आईं फीलिंग्स? बोले- साथ होती हैं तो जलन होती है

बिग बॉस 20 के घर में रिश्तों का समीकरण लगातार बदल रहा है। लेटेस्ट एपिसोड में स्काउट ओपी ने यंग डीएसए के सामने लव गिल को लेकर अपनी फीलिंग्स जाहिर कीं। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी को लेकर भी यूजर्स सवाल उठा रहे हैं।

Knews Desk – बिग बॉस 20 दिन पर दिन और दिलचस्प होता जा रहा है। शो में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती, बॉन्डिंग और रिश्तों के समीकरण लगातार बदल रहे हैं। घर में दो ग्रुप बनने की चर्चा है। इनमें से एक ग्रुप में यंग डीएसए, आसिफ खान, आम्रपाली दूबे, स्काउट ओपी और लव गिल शामिल हैं। इस ग्रुप में लव और स्काउट के बीच अक्सर मस्ती-मजाक देखने को मिलता है।

शुरुआत में स्काउट ओपी ने लव गिल को अपनी बहन का दर्जा दिया था। हालांकि, अब लेटेस्ट एपिसोड में उन्होंने यंग डीएसए के सामने लव को लेकर अपनी फीलिंग्स पर ऐसा बयान दिया, जिसने दर्शकों को हैरान कर दिया। स्काउट की यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

स्काउट ने कही दिल की बात

हालिया एपिसोड में स्काउट ओपी और यंग डीएसए लव के साथ अपने रिश्ते और बॉन्डिंग को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बात फीलिंग्स तक पहुंच गई। स्काउट ने कुछ बातें साइन लैंग्वेज में समझाईं, जिससे ऐसा लगा कि वह लव के लिए फीलिंग्स डेवलप होने की बात कर रहे हैं।

इस पर यंग डीएसए ने उनसे पूछा, “तेरा रास्ता बदल रहा है क्या?” स्काउट ने जवाब दिया, “नहीं पता।” इसके बाद स्काउट ने लव के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा, “Sister से पहले फ्रेंड होता है ना आदमी।”

स्काउट ने यह भी कहा कि जब लव और गुल्लू एक साथ होते हैं तो उन्हें जलन होती है। उनके इस बयान के बाद घर के अंदर लव और स्काउट की बॉन्डिंग को लेकर एक नया एंगल सामने आता दिखाई दिया।

स्काउट की बात पर फैंस ने उठाए सवाल

स्काउट के बयान के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर स्काउट और लव के बीच रिश्ता भाई-बहन जैसा है, तो फिर उनके मन में लव को लेकर इस तरह की फीलिंग्स क्यों आ रही हैं।

एक यूजर ने लिखा कि किसी भी लड़की को यह देखकर अच्छा नहीं लगेगा कि उसका पार्टनर नेशनल टीवी पर किसी और के लिए फीलिंग्स डेवलप कर रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स ने स्काउट के लव को लेकर दिए गए बयान को उनकी गर्लफ्रेंड काशवी से जोड़कर भी देखा।

एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि अगर दोनों के बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता है तो फिर ये सब क्या है। वहीं, एक यूजर ने लिखा कि अगर काशवी इस समय लाइव स्ट्रीम कर रही हों तो उनकी क्या हालत होगी।

कौन हैं स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी?

स्काउट ओपी ने शो में अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि वह बाहर किसी को डेट कर रहे हैं, हालांकि उस दौरान उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड का नाम नहीं बताया था। फैंस के बीच स्काउट और काशवी हीरानंदानी के रिश्ते को लेकर चर्चा होती रही है।

काशवी भी एक गेमर और यूट्यूबर हैं। वह ‘काश प्लेज़’ नाम से गेमिंग चैनल चलाती हैं और गेमिंग कंटेंट के लिए जानी जाती हैं। अब बिग बॉस 20 में स्काउट के लव गिल को लेकर दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *