शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गुजैनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय किशोर ने अपनी प्रेमिका से हुए आपसी विवाद और मानसिक तनाव के चलते ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले किशोर ने अपने मोबाइल पर टूटे हुए दिल की इमोजी के साथ ‘इंजॉय योर लाइफ’ का आखिरी स्टेटस लगाया था। रविवार देर रात उसका क्षत-विक्षत शव गुजैनी ब्लॉक के पास रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ, जिससे पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
किराने का सामान लेने के बहाने निकला था घर से
जानकारी के मुताबिक, गुजैनी के मेहरबान सिंह का पुरवा इलाके के रहने वाले मुन्ना गुप्ता उर्फ बउआ के परिवार में उनकी पत्नी सुनीता, दो बेटे रवि व सौरभ (17) और एक बेटी रूबी हैं। सौरभ दादानगर स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और परिवार की आर्थिक मदद में हाथ बंटाता था। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे सौरभ ने घर में मां से कहा कि वह पास की दुकान से किराने का कुछ जरूरी सामान लेने जा रहा है। इसके बाद वह घर से पैदल ही निकल गया, लेकिन जब देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। उन्होंने सौरभ के मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन लगातार ऑन और ऑफ (बंद-चालू) होता रहा, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
दो साल बड़ी युवती से था प्रेम प्रसंग, 10 दिनों से था तनाव में
मृतक के पिता मुन्ना गुप्ता ने पुलिस को बताया कि सौरभ का क्षेत्र की ही एक युवती से प्रेम संबंध था, जो उम्र में उससे करीब दो साल बड़ी थी। पिछले 10 दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर अनबन और विवाद चल रहा था। इसी मनमुटाव के कारण सौरभ पिछले कई दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव और अवसाद में था। वह घर में भी काफी गुमसुम रहने लगा था। सौरभ की बहन रूबी ने बताया कि घर से निकलने के बाद सौरभ ने अपने व्हाट्सएप पर कुछ स्टेटस अपडेट किए थे। पहले के स्टेटस में उसने प्यार और मोहब्बत की बातें लिखी थीं। इसके बाद रात ठीक 10:25 बजे उसने अपने मोबाइल पर आखिरी स्टेटस लगाया, जिसमें टूटे हुए दिल की इमोजी बनी थी और अंग्रेजी में लिखा था— ‘Enjoy Your Life’। इसे देखकर लग रहा था कि वह कोई बड़ा कदम उठाने जा रहा है।”
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
देर रात गुजैनी पुलिस को सूचना मिली कि गुजैनी ब्लॉक के समीप रेलवे ट्रैक पर एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब तलाशी ली और शिनाख्त की कोशिश की, तो उसकी पहचान लापता सौरभ के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां सुनीता और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।