Knews Desk- उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती और ऊर्जा संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है। बढ़ती बिजली कटौती पर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है, वहीं सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर पलटवार करते हुए कहा कि आज बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में प्रदेश की हालत बेहद खराब थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले हालात ऐसे थे कि लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे और सप्ताह के हिसाब से बिजली मिलती थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में बिजली व्यवस्था में बड़े सुधार किए हैं और आज प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पहले की तुलना में बेहतर बिजली आपूर्ति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल कुछ पावर स्टेशनों में तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बनी हुई है, जिसकी वजह से कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब किसी पावर स्टेशन में तकनीकी खराबी या शटडाउन होता है तो उसका असर बिजली सप्लाई पर पड़ना स्वाभाविक है। ऐसे में जनता को थोड़ा सहयोग करना चाहिए ताकि तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जल्द ही स्थिति को सामान्य कर देगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई नई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।