Car AC Tips: आपकी ये 5 आदतें जल्दी खराब कर सकती हैं कार का AC, कूलिंग भी हो जाती है कमजोर

KNEWS DESK- गर्मियों में कार का एयर कंडीशनर यानी AC किसी राहत से कम नहीं होता। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच अगर कार का AC सही से काम न करे, तो सफर बेहद मुश्किल हो जाता है। कई लोग सोचते हैं कि AC खराब होने की वजह सिर्फ गैस लीकेज या कंप्रेसर की दिक्कत होती है, लेकिन असल में रोजमर्रा की कुछ गलत आदतें भी कार के AC को समय से पहले खराब कर सकती हैं।

ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लोग अनजाने में ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जिनका सीधा असर कार की कूलिंग, माइलेज और AC की लाइफ पर पड़ता है।

AC चलाकर खिड़कियां खुली रखना

कई लोग कार में बैठते ही AC ऑन कर देते हैं लेकिन खिड़कियां बंद करना भूल जाते हैं। इससे बाहर की गर्म हवा लगातार केबिन में आती रहती है और AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इस आदत से कंप्रेसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे वह जल्दी खराब हो सकता है। साथ ही कार का माइलेज भी कम होने लगता है।

AC बंद किए बिना सीधे इंजन ऑफ करना

डेस्टिनेशन पर पहुंचते ही लोग सीधे इंजन बंद कर देते हैं। यह आदत AC और इंजन दोनों के लिए नुकसानदायक मानी जाती है। एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि गाड़ी रोकने से 2-3 मिनट पहले AC बंद कर दें और सिर्फ ब्लोअर चलने दें। इससे AC पाइप्स में जमी नमी सूख जाती है और फंगस या बदबू की समस्या नहीं होती।

कार के अंदर गंदगी और धूल जमा होने देना

अगर कार के केबिन में धूल-मिट्टी और कचरा जमा रहता है, तो उसका असर सीधे AC फिल्टर पर पड़ता है। हवा के साथ धूल फिल्टर में फंस जाती है, जिससे फिल्टर चोक होने लगता है। इस वजह से कूलिंग कमजोर हो जाती है और AC से अजीब आवाजें आने लगती हैं।

गलत कार परफ्यूम का इस्तेमाल

बहुत कम लोग जानते हैं कि जेल या वैक्स बेस्ड कार परफ्यूम AC के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। गर्मी में ये पिघलकर वाष्प में बदल जाते हैं और AC वेंट्स व फिल्टर में जमने लगते हैं।

इससे एयर फ्लो ब्लॉक हो सकता है और कूलिंग पर असर पड़ता है। इसलिए हमेशा अच्छी क्वालिटी वाले लिक्विड या स्प्रे परफ्यूम का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है।

कार के अंदर स्मोकिंग करना

ड्राइविंग के दौरान सिगरेट पीने की आदत सिर्फ सेहत ही नहीं, बल्कि कार के AC को भी नुकसान पहुंचाती है। सिगरेट का धुआं और टार फिल्टर में जमा होकर उसे जल्दी चोक कर देता है। इसके बाद कार में लगातार बदबू आने लगती है और कूलिंग भी कमजोर हो जाती है।

छोटी आदतें बचा सकती हैं बड़ा खर्च

कार का AC सिर्फ लग्जरी नहीं, बल्कि गर्मियों में आरामदायक और सुरक्षित सफर के लिए बेहद जरूरी होता है। अगर आप इन छोटी-छोटी गलतियों से बचते हैं, तो AC की लाइफ बढ़ाई जा सकती है और महंगे रिपेयर खर्च से भी बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *