शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में स्कूली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सबक सिखाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और बिना किसी औपचारिक शिकायत का इंतजार किए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई रोड पर दो छात्राएं स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो मनचलों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पहले उन्होंने छात्राओं पर फब्तियां कसीं और फिर एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया। हालांकि छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकली। इस पूरी घटना को पीछे से आ रहे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान
वीडियो सामने आते ही कोतवाली पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस का सख्त रवैया भी देखने को मिला। आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे फटेहाल हालत में लंगड़ाते हुए नजर आ रहे हैं और अपनी गलती के लिए माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
छेड़छाड़ में प्रयुक्त बाइक भी सीज
इतना ही नहीं, पुलिस ने आरोपियों की बाइक को भी मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। इस कार्रवाई को लेकर फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट कहा कि महिला और बच्चियों के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।