गुजरात पर भारी पड़े 24 साल के अश्विनी, पहले भी कर चुके यह कारनामा…

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। इस जीत में जहां तिलक वर्मा के विस्फोटक शतक ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, वहीं युवा तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी ने गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही दबाव में दिखी। अश्विनी कुमार, जो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर टीम में शामिल हुए थे, उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 24 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल, राहुल तेवतिया, राशिद खान और शाहरुख खान को पवेलियन भेजकर गुजरात की उम्मीदों को खत्म कर दिया।

मैच के बाद अश्विनी कुमार ने अपनी गेंदबाजी रणनीति पर बात करते हुए कहा कि उनके पास कोई बड़ी योजना नहीं थी, बस पिच की मांग के अनुसार गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि हार्ड लेंथ और बैक ऑफ लेंथ गेंदें असरदार साबित हो रही थीं, इसलिए उन्होंने उसी लाइन पर टिके रहना बेहतर समझा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल टीम की रणनीति का हिस्सा था, जिस पर उन्होंने कप्तान हार्दिक पंड्या के साथ चर्चा की थी।

यह दूसरी बार है जब अश्विनी कुमार ने आईपीएल में एक पारी में 4 विकेट हासिल किए हैं। इससे पहले भी उन्होंने 24 रन देकर चार विकेट झटके थे। अपने प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिले, वह टीम के लिए बेहतर करने की कोशिश करते हैं और आज का दिन उनके लिए बेहद खास रहा।

इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 199 रन बनाए थे, जिसमें तिलक वर्मा ने नाबाद 101 रनों की पारी खेली थी। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में मात्र 100 रन पर सिमट गई। यह मुंबई की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी रनों के अंतर वाली जीतों में से एक रही, जबकि गुजरात टाइटंस का यह बेहद निराशाजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *