डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर उस समय गरमा गई जब भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में उन्होंने करैरा के एसडीओपी और आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को लेकर बेहद आपत्तिजनक और विवादित बयान दिया है। वीडियो में विधायक के तेवर आक्रामक नजर आ रहे हैं, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में प्रीतम सिंह लोधी यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वे 5 से 10 हजार लोगों के साथ एसडीओपी के बंगले का घेराव करेंगे और उसे “गोबर से भर देंगे।” इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारी को धमकी भरे अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि पहले उनका हाथ ढाई किलो का था, लेकिन अब वह ढाई सौ किलो का हो गया है और वे आयुष जाखड़ को “ठीक कर देंगे।”
भाजपा विधायक के बेटे पर है लोगों को कुचलने का लगा आरोप
इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और चर्चा दोनों तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोग इसे कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला बयान बता रहे हैं, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की जड़ विधायक के बेटे दिनेश लोधी से जुड़ा मामला है। उनके बेटे पर आरोप है कि उसने थार गाड़ी से पांच लोगों को कुचल दिया था। घटना के बाद शुरुआत में विधायक ने “जनता सर्वोपरि” की बात कहते हुए खुद पुलिस को फोन कर अपने बेटे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और उसे पुलिस के हवाले भी कर दिया था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, विधायक का रुख बदल गया और वे अब खुले तौर पर अपने बेटे के समर्थन में आ गए हैं।
करैरा आएंगे और चुनाव भी जीतकर दिखाएंगे….
इसी मामले को लेकर विधायक लगातार पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने एसडीओपी आयुष जाखड़ को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वे करैरा आएंगे और वहीं से चुनाव भी लड़ेंगे, अगर दम है तो उन्हें रोककर दिखाया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के भीतर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। यह पहला मौका नहीं है जब विधायक प्रीतम सिंह लोधी का कोई बयान विवादों में आया हो। इससे पहले भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने एसडीओपी पर निशाना साधते हुए कहा था, “करेरा क्या तुम्हारे डैडी का है?” उन्होंने अपने बेटे के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया था कि उनका बेटा करैरा से चुनाव लड़ेगा। प्रीतम सिंह लोधी मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। उनके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आती रही है, जिससे वे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।