यूपी चुनाव से पहले महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान संभव, खाते में आ सकती है ₹20 हजार की रकम

Knews Desk – लखनऊ उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी महिलाओं को लेकर बड़ा दांव चलने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, योगी सरकार महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये ट्रांसफर करने की योजना बना रही है। इस प्रस्ताव को लेकर सरकार को बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद आगामी विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में इसके लिए बजट प्रावधान किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव होने हैं। ऐसे में महिला वोटरों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित आर्थिक सहायता को बीजेपी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, फिलहाल यह योजना प्रस्ताव के स्तर पर है और अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद ही होगा।

इस बीच सोमवार को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय नेताओं और प्रदेश बीजेपी के नेताओं के बीच महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में सांसदों, विधायकों और एमएलसी को चुनावी तैयारियों के तहत अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं।

बीजेपी ने यूपी के सभी सांसदों को अपने लोकसभा क्षेत्र में 5 दिसंबर तक 10 चौपाल करने का लक्ष्य दिया है। वहीं, विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्र में 5 दिसंबर तक 50 चौपाल करने की जिम्मेदारी दी गई है।

जिन विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी के विधायक नहीं हैं या जहां पार्टी कमजोर स्थिति में है, वहां एमएलसी चौपाल करेंगे। इसके अलावा बीजेपी के राज्यसभा सांसदों को भी कमजोर विधानसभा सीटों पर चौपाल करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का यह अभियान 5 दिसंबर तक चलेगा।

बीजेपी उत्तर प्रदेश में 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव जीत चुकी है। अब 2027 के चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों के साथ-साथ महिला वोटरों पर भी पार्टी का खास फोकस नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *