दंपति ने अनूठा प्रदर्शन कर मनाई अपनी शादी की 17वीं सालगिरह, गंदे और बदबूदार नाले के बीच पहनाई एक दूसरे वरमाला

रिपोर्ट – अजेन्द्र चौहान 

आगरा- नगला कली, सेमरी, रजरई के लोगों ने भगवान शर्मा और उनकी पत्नी उषा देवी की 17वीं सालगिरह बेहद अनोखे अंदाज में मनाई | दोनों कपल्स ने अपनी शादी की सालगिरह गंदे और बदबूदार नाले के बीच में मनाई और फोटो भी खिंचवाई| ये अनोखा प्रदर्शन नगला कली में विकास कार्य न होने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की नींद खोलने के लिए किया गया|

दूल्हा दुल्हन की पोशाक में किया विरोध प्रदर्शन

बता दें कि नगला कली निवासी भगवान शर्मा और उषा देवी ने अपने वैवाहिक जीवन की 17वीं सालगिरह को अनोखे अंदाज में मनाया जहां एक तरफ लोग अपनी सालगिरह को मनाने के लिए फाइव स्टार ,सेवन स्टार होटल या फिर गोवा ,मालदीप जैसे पर्यटन स्थलों को चुनते हैं वहीं भगवान शर्मा और उषा देवी ने कीचड़ भरे दलदल और बदबूदार पानी के बीच खड़े होकर ढोल नगाड़ों के साथ दूल्हा दुल्हन की पोशाक में विकास कार्य न होने का विरोध प्रदर्शन किया| जिसके लिए उन्होंने योगी मोदी सरकार की तारीफ करते हुए स्थानीय अधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जताई है|

कई बार शिकायत के बाद भी हालातों में कोई बदलाव

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि नगला कली में बने नारकीय हालातों के जिम्मेदार हैं| रजरई नगला कली को जोड़ने वाली सड़क के हालात बद से बदतर बने हुए हैं | रास्ते जल भराव के चलते तालाब में तब्दील हैं जिसके चलते राहगीरों के साथ- साथ स्कूली बच्चों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है| सीवर से आने वाले गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते सड़क के हालात बरसों से जस के तस बने हुए हैं| कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन हालातों में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है|

सीवर और गंदे पानी निकासी के लिए जगह नहीं

भगवान शर्मा का कहना है कि शादी की सालगिरह मनाने के लिए पहले हम लक्षद्वीप या मालदीव प्लान कर रहे थे लेकिन हमारे जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की वजह से हमारे क्षेत्र में कोई भी सीवर और गंदे पानी निकासी के लिए जगह नहीं है, इसलिए हमारी सड़क गंदे नाले में तब्दील हो गई है और इसे हमने “पुष्पदीप” नाम दिया है| आज हमने यही विरोध करते हुए अपनी शादी की सालगिरह मनाई है|

लोकसभा चुनाव का भी बहिष्कार

पिछले 15 सालों से क्षेत्र के रहने वाले लोग गंदे पानी, सड़क और सफाई न होने से परेशान हैं| सभी ने मिलकर इसका विरोध करने का एक तरीका निकाला और अब ऐलान किया है कि कॉलोनी में किसी का भी जन्मदिन, शादी की सालगिरह या फिर कोई भी कार्यक्रम इसी गंदे नाले के बीच में मनाया जाएगा, इसके साथ उन्होंने आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव का भी बहिष्कार किया जाएगा| साथ ही ये भी कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को अपने इलाके में घुसने नहीं देंगे।

ये भी पढ़ें-  उत्तर प्रदेश: हाइवे पर एलएलबी छात्र को दिनदहाड़े मारी गोली, ASP ने दिए घटना के जल्द खुलासे के निर्देश

About Post Author