Knews Desk– भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना को लेकर देशभर में प्रार्थनाओं का दौर जारी है। इसी क्रम में वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम और गुजरात के प्रसिद्ध श्री सोमनाथ मंदिर में कैप्टन स्मित के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। दोनों ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से कैप्टन स्मित के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
काशी विश्वनाथ धाम परिसर में कैप्टन स्मित मछार के स्वास्थ्य के लिए विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान 21 शास्त्रियों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही 11 शास्त्रियों ने एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भगवान विश्वनाथ से कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की गई।विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित शिवलिंग विग्रह के समक्ष यह अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान कैप्टन स्मित मछार की तस्वीर भी रखी गई। श्रद्धालुओं और शास्त्रियों ने भगवान शिव से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की। वहीं, ललिता घाट पर होने वाली गंगा आरती में भी कैप्टन स्मित के स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान मां गंगा से भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की जाएगी।गुजरात के श्री सोमनाथ मंदिर में भी कैप्टन स्मित मछार के लिए विशेष महापूजा का आयोजन किया गया। सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय श्रद्धालुओं की ओर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। मंदिर में उनके पूर्ण स्वास्थ्य की प्रार्थना के लिए महामृत्युंजय मंत्र जाप का अनुष्ठान शुरू किया गया है। श्रद्धालुओं ने भगवान सोमनाथ से प्रार्थना की कि कैप्टन स्मित जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों।
कैप्टन स्मित मछार दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई विमान में हुई घटना के बाद चर्चा में आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, विमान में को-पायलट की साजिश को हवा में नाकाम करने के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में विमान में सवार करीब 180 यात्रियों की जान बचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। बेहद कठिन परिस्थिति में उन्होंने विमान को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया।घटना के दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हुए और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। उनके साहस और सूझबूझ की देश और विदेश में चर्चा हुई है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित को ‘हीरो’ कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी उनकी बहादुरी और संकट के समय दिखाई गई दृढ़ता की प्रशंसा की गई।कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग प्रार्थना कर रहे हैं। काशी विश्वनाथ और सोमनाथ मंदिर में हुए विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी इसी क्रम का हिस्सा हैं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि कैप्टन स्मित जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार और देशवासियों के बीच लौटें।