भोपाल में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी से इनकार करने पर उनके बॉयफ्रेंड पवन कुमार द्विवेदी ने हथौड़े से हमला कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद पवन ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Knews Desk– मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खजूरी थाना क्षेत्र की लेकपर्ल कॉलोनी में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय मीनाक्षी का शव उनके बॉयफ्रेंड पवन कुमार द्विवेदी के घर से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से कई वार किए गए थे।
पुलिस के अनुसार मीनाक्षी रविवार शाम करीब सात बजे अपनी दोस्त कृतिका के साथ पवन के घर पहुंची थीं। रात में कृतिका मीनाक्षी की तीन साल की बेटी के साथ घर के अंदर एक कमरे में सो गई। सोमवार सुबह जब वह उठी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव पड़ा मिला।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या घर के आंगन में की गई थी। इसके बाद शव को घसीटकर कमरे के अंदर ले जाया गया। घटना के बाद पवन भी घर से कुछ दूरी पर गया, जहां उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह शादी को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, लेकिन मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक पवन करीब नौ महीने पहले इस कॉलोनी में रहने आया था। वह स्थानीय लोगों के सामने मीनाक्षी को अपनी पत्नी और उनकी बच्ची को अपनी बेटी बताता था। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।