Knews Desk– सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के नाम भावुक पाती लिखी है। उन्होंने इस पाती को देश की सभी माताओं को समर्पित करते हुए मां की ममता, निःस्वार्थ प्रेम और त्याग को याद किया। सीएम योगी ने संन्यास लेने के तीन साल बाद मां से भिक्षा मांगने के भावुक प्रसंग का भी जिक्र किया।
‘मां केवल जननी नहीं, जगत जननी है’
सीएम योगी ने लिखा कि मां केवल जननी ही नहीं, बल्कि जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है। उन्होंने मां की ममता को दुनिया की सबसे सुंदर भावना बताते हुए कहा कि मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने अपनी मां को प्रथम गुरु और अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां बताया।
‘मां, भिक्षा दीजिए’
पाती में सीएम योगी ने संन्यास के तीन साल बाद घर लौटने का प्रसंग याद किया। उन्होंने लिखा कि भगवा वस्त्र में घर की दहलीज पर खड़े होकर उन्होंने मां से कहा था, ‘मां, भिक्षा दीजिए।’ मां ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।
सीएम योगी ने लिखा कि मां ने उनसे पूछा कि घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो। उन्होंने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी।
‘कुछ ऋण कभी चुकाए नहीं जा सकते’
सीएम योगी ने कहा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं और कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि किसी निराश्रित मां का संबल बनें, किसी वंचित मां की पीड़ा समझें और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएं।