Knews Desk– रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। अयोध्याधाम जंक्शन पर सुबह 11 बजे भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी ट्रेन
अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है। सरयू कमला एक्सप्रेस यह दूरी करीब 18 घंटे में तय करेगी। ट्रेन में भारत और नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा करने का अवसर मिलेगा। ट्रेन के शुभारंभ को दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रामनगरी में सुरक्षा के साथ यातायात नियंत्रण के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
विद्याकुंड चौराहा से कनीगंज और रायगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन आसिफबाग चौराहा होकर जाएंगे। कनीगंज तिराहा से अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहन विद्याकुंड चौराहा से लंगड़वीर-टेढ़ी बाजार फ्लाइओवर के नीचे सर्विस लेन से होकर रेलवे स्टेशन गेट तक जाएंगे।
जैन मंदिर तिराहा से कनीगंज और रायगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, इबकाल अंसारी आवास तिराहा और श्रीराम अस्पताल तिराहा से अयोध्याधाम रेलवे स्टेशन की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्टेशन जाने वाले वाहनों के लिए टेढ़ी बाजार फ्लाइओवर के नीचे सर्विस लेन का रास्ता निर्धारित किया गया है।