दिल्ली में ‘भजन क्लबिंग’ में शामिल हुए PM मोदी, खंजरी बजाकर युवाओं का बढ़ाया उत्साह

Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और अन्य लोग मौजूद रहे

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भक्ति संगीत का आनंद लेते नजर आए। उन्होंने कलाकारों के साथ तालियां बजाईं और खुद खंजरी बजाकर भजनों की लय में शामिल हुए। पीएम मोदी ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से भी संवाद किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

‘भजन क्लबिंग’ एक ऐसा प्रारूप है, जिसमें पारंपरिक भजनों और भक्ति संगीत को आधुनिक कॉन्सर्ट जैसे माहौल में प्रस्तुत किया जाता है। इसमें खास तौर पर युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले भी भजन क्लबिंग के इस नए चलन का जिक्र कर चुके हैं। जनवरी 2026 में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इसे भक्ति, संस्कृति, आध्यात्मिकता और आधुनिकता के मेल के रूप में बताया था।

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में भी कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए इसे शानदार बताया।

कार्यक्रम में भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों के बीच पीएम मोदी का खंजरी बजाते हुए वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह युवाओं के साथ भजनों की धुन पर ताल मिलाते नजर आए। इस दौरान पारंपरिक भक्ति संगीत और युवाओं के आधुनिक कार्यक्रम प्रारूप का संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *