MCD का अवैध निर्माण पर बड़ा एक्शन, 10 दिनों में 770 से अधिक जगहों पर कार्रवाई

Knews Desk- दिल्ली नगर निगम (MCD) ने राजधानी में अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को निगम ने विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए 14 अवैध प्रॉपर्टीज़ को ध्वस्त किया और 25 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर में भवन सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

MCD के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 10 दिनों के दौरान निगम ने 770 से अधिक स्थानों पर निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की है। इनमें अवैध निर्माण, भवन मानकों के उल्लंघन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी से जुड़े मामले शामिल हैं। यह अभियान 3 जून को मालवीय नगर में हुए होटल अग्निकांड के बाद और अधिक तेज किया गया है। आग की घटना के बाद निगम ने राजधानी में बड़े पैमाने पर निरीक्षण शुरू किया था। जांच के दौरान कई इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, 3 जून से अब तक कुल 217 अवैध प्रॉपर्टीज़ को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि 237 प्रतिष्ठानों को सील किया गया है। विभिन्न जिलों में किए गए निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन, अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी और बिना अनुमति किए गए निर्माण कार्यों की पहचान की गई। MCD ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संपत्ति मालिकों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब या सुधारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर विध्वंस और सीलिंग की कार्रवाई की गई।

निगम अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध निर्माण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा भवन नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। MCD ने लोगों से भी भवन निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों में निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *