Knews Desk– सोशल मीडिया पर इन दिनों Indian Institute of Technology Delhi यानी IIT दिल्ली के छात्रों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्र कैमरे के सामने अपने प्लेसमेंट पैकेज और इंटर्नशिप सैलरी के बारे में खुलकर बात करते नजर आ रहे हैं। किसी छात्र को 18 लाख रुपये सालाना पैकेज मिला है, तो किसी का पैकेज 60 लाख और 90 लाख रुपये तक पहुंच चुका है। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
वीडियो को इंस्टाग्राम पर @bhavaydeshwal नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। क्लिप में अलग-अलग ब्रांच के छात्र अपने पैकेज और इंटर्नशिप से जुड़ी जानकारी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की शुरुआत एक ऐसे छात्र से होती है, जिसे 90 लाख रुपये सालाना पैकेज मिलने की बात कही गई। इसके बाद एक अन्य छात्र बताता है कि उसे इंटर्नशिप के दौरान हर महीने 75 हजार रुपये मिल रहे हैं। यह सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए, क्योंकि इतनी रकम कई लोगों की फुल टाइम नौकरी की सैलरी से भी ज्यादा है।
https://www.instagram.com/reel/DYZffsWpT6b/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
वीडियो में इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस और बायोटेक जैसी कई ब्रांच के छात्र शामिल हैं। कुछ छात्रों ने 18 लाख, 22 लाख और 24 लाख रुपये सालाना पैकेज का खुलासा किया, जबकि कुछ छात्रों को करोड़ों के करीब ऑफर मिलने की चर्चा भी सामने आई। वीडियो शेयर करने वाले छात्र ने दावा किया कि इसमें शामिल लगभग हर छात्र कम से कम डेढ़ लाख रुपये प्रति महीने कमा रहा है।
हालांकि इस वायरल वीडियो में सिर्फ पैकेज ही चर्चा का विषय नहीं बना। वीडियो में मौजूद मयंक नाम के एक छात्र का जवाब लोगों का दिल जीत गया। जब उससे उसका पैकेज पूछा गया, तो उसने कहा कि उसे IIT से कोई खास पैकेज नहीं मिला, लेकिन इतने अच्छे दोस्त जरूर मिले हैं, जो किसी भी पैकेज से ज्यादा कीमती हैं। सोशल मीडिया पर लोग उसके इस जवाब की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग IIT छात्रों की मेहनत और संघर्ष की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग देश में बढ़ती बेरोजगारी और आम युवाओं की स्थिति की तुलना इन हाई पैकेज से कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि लोग सिर्फ लाखों के पैकेज देखते हैं, लेकिन उसके पीछे की मेहनत नहीं समझते। वहीं कई यूजर्स यह देखकर हैरान हैं कि एक फ्रेशर को 90 लाख रुपये तक का पैकेज कैसे मिल सकता है।
दरअसल, भारत में IIT सिर्फ एक इंजीनियरिंग संस्थान नहीं, बल्कि लाखों छात्रों का सपना माना जाता है। यहां पढ़ने वाले छात्रों को देश और विदेश की बड़ी कंपनियों में काम करने का मौका मिलता है। यही वजह है कि जब भी IIT छात्रों के प्लेसमेंट और सैलरी से जुड़ी कोई खबर सामने आती है, वह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती है। हालांकि वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।