Knews Desk- दिल्ली में मॉनसून की पहली तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर दिलाई, लेकिन इसके साथ ही राजधानी की सड़कों पर जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम और हवाई सेवाओं में बाधा जैसी समस्याएं भी सामने आ गईं. रविवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों, अंडरपास और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ा. वहीं खराब मौसम और तेज हवाओं के चलते कुल 15 उड़ानों का रूट भी बदलना पड़ा.
बारिश का सबसे अधिक असर द्वारका एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला, जहां अंडरपास में पानी भरने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इसके अलावा मिंटो ब्रिज, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, तुगलकाबाद, पुल प्रह्लादपुर और बायो डायवर्सिटी पार्क समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही. सड़कें पानी में डूबने से लोगों को दफ्तर और अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा. तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कुल 15 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा, जिनमें 5 अंतरराष्ट्रीय और 10 घरेलू उड़ानें शामिल थीं. इन विमानों को एहतियात के तौर पर जयपुर और लखनऊ एयरपोर्ट भेजा गया. मौसम सामान्य होने के बाद उन्हें उनके तय गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा. एयरलाइंस ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और उड़ान की ताजा जानकारी लगातार जांचते रहने की अपील की है.
गौरतलब है कि इस साल दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 2 जुलाई को दस्तक दी थी, जो सामान्य से करीब पांच दिन देरी से पहुंचा. मॉनसून आने के बाद भी पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी, जिससे लोग उमस और गर्मी से परेशान थे. पहली तेज बारिश ने मौसम को सुहावना तो बना दिया, लेकिन राजधानी की जल निकासी व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए.
भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 1 जून से 3 जुलाई के बीच दिल्ली में सामान्य से 49 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में जहां औसतन 75.1 मिलीमीटर वर्षा होती है, वहीं इस बार केवल 38.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. साथ ही चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ सकती है. प्रशासन ने लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही घरों से निकलने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।