बिहार में बेखौफ अपराधी… अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना एम्स रेफर

डिजिटल डेस्क- बिहार में बढ़ते अपराध के बीच अब मशहूर बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया है। गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंड गांव में अभिनेता के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कुछ लोगों ने अचानक धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से एक के बाद एक कई वार किए। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS रेफर कर दिया। फिलहाल चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस ने शुरू की छापेमारी

प्रारंभिक जांच में इस खौफनाक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है और कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है।

एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित, जल्द गिरफ्तारी का दावा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में यह विशेष टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।

बिहार की कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस हाई-प्रोफाइल घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्य में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और रंगदारी की घटनाओं के बीच अब एक नामचीन अभिनेता के परिवार पर हुए इस हमले से आम लोगों के साथ-साथ पंकज त्रिपाठी के प्रशंसकों में भी गहरी चिंता और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *