डिजिटल डेस्क- गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनका 3 वर्षीय मासूम बेटा रेयांश गुप्ता शामिल हैं। इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र के लोग सन्न हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, अमित गुप्ता अपनी पत्नी और बच्चे के साथ कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उनके नाबालिग छोटे भाई ने धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी और एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बंद कमरे से तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
छत पर दुबका था नाबालिग आरोपी, पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
बांसगांव थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि वारदात के बाद जब पुलिस ने घर की सघन तलाशी ली, तो आरोपी बाल अपचारी छत पर छिपा हुआ मिला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से घर में उपेक्षित महसूस कर रहा था और उसे लगता था कि पिता बड़े भाई के मुकाबले उसे बिल्कुल तवज्जो नहीं दे रहे हैं।
दुकान के विवाद ने दिया वारदात को अंजाम
जांच में यह बात सामने आई है कि कस्बे में परिवार की एक दुकान थी, जिसे पहले यह नाबालिग आरोपी ही संचालित कर रहा था। लेकिन कुछ समय बाद बड़े भाई अमित गुप्ता वहां आकर बैठने लगे और दुकान का काम संभालने लगे। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में बड़े भाई के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई थी और इसी खुन्नस में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज
मृतक अमित गुप्ता और आरोपी के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।