राजस्थान के नागौर में सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह के दौरान DJ वाहन पर किया गया स्टंट दर्दनाक हादसे में बदल गया. सड़क पर लहराते DJ वाहन से दो कैमरामैन नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का जोधपुर में उपचार जारी है.
Knews Desk- राजस्थान के नागौर जिले में एक सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह के दौरान DJ वाहन पर किया जा रहा खतरनाक स्टंट जानलेवा साबित हुआ. खींवसर थाना क्षेत्र में जुलूस के दौरान DJ वाहन सड़क पर लहराते हुए अचानक बेकाबू हो गया. वाहन के ऊपर बैठे दो कैमरामैन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया, जहां 25 वर्षीय बंटी प्रजापत की उपचार के दौरान मौत हो गई. वहीं 22 वर्षीय प्रहलाद प्रजापत का इलाज चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, आकला गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत खींवसर निवासी शिवराज प्रजापत सोमवार को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे. उनके सम्मान में जुलूस निकाला गया और उन्हें सम्मानपूर्वक घर ले जाया जा रहा था. जुलूस के सबसे आगे DJ वाहन चल रहा था. इसी वाहन पर दो कैमरामैन बैठकर कार्यक्रम की फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे.
सड़क पर लहराता रहा DJ वाहन
बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान DJ चालक वाहन को सड़क पर लहराते हुए कथित तौर पर स्टंट कर रहा था. इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया. DJ के ऊपर बैठे दोनों कैमरामैन खुद को संभाल पाते, उससे पहले ही वे सड़क पर जा गिरे. इसके बाद वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में उतर गया. हालांकि गाड़ी पलटने से बच गई.
इस हादसे में दोनों कैमरामैन गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जोधपुर रेफर किया गया. इलाज के दौरान मंगलवार को बंटी प्रजापत ने दम तोड़ दिया. वहीं प्रहलाद प्रजापत का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
हादसे का पूरा घटनाक्रम पीछे चल रही एक स्कॉर्पियो में सवार युवक के मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो में DJ वाहन के सड़क पर लहराने, अचानक उसका संतुलन बिगड़ने, दोनों कैमरामैन के नीचे गिरने और फिर वाहन के सड़क से उतरकर खेत में जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है.
DJ संचालक पर होगी कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी ने बताया कि सेवानिवृत्ति कार्यक्रम के दौरान DJ संचालक द्वारा कथित रूप से खतरनाक स्टंट किया जा रहा था. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसे में एक युवक की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद DJ संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.