मछली भोज विवाद के बीच अजय राय का हमला, बोले- सत्ता की ताकत से कुछ भी कर सकती है बीजेपी

Knews Desk: उत्तर प्रदेश में सावन के दौरान हुए मछली भोज को लेकर सियासी घमासान लगातार जारी है। बीजेपी की ओर से कांग्रेस और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधे जाने के बीच अब अजय राय ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी उनके खिलाफ AI के जरिए मछली खाते हुए तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की तैयारी कर रही है।

    वाराणसी में एक बातचीत के दौरान अजय राय ने दावा किया कि बीजेपी के लोग उनकी मछली खाते हुए AI तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास सत्ता और शासन की ताकत है, इसलिए वह कुछ भी कर सकती है। अजय राय ने यह भी आरोप लगाया कि उनका व्हाट्सऐप ब्लॉक कराया गया है।

    अजय राय ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर दावा किया कि कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और जनता का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने यूपी में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी लड़ाई की बात कही थी।

    योगी सरकार की ओर से एक लाख सरकारी नौकरियां देने के ऐलान पर भी अजय राय ने निशाना साधा। उन्होंने इसे ऊंट के मुंह में जीरा बताते हुए कहा कि बीजेपी ने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन वह पूरा नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश की जनता बीजेपी के वादों के झांसे में नहीं आने वाली।

    मछली भोज के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि अयोध्या में इस मामले को तूल दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हनुमानगढ़ी मंदिर के पुजारी राजू दास द्वारा निषाद समाज के नेता कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी से समाज में नाराजगी है। अजय राय ने दावा किया कि इस वजह से निषाद समाज के लोग कांग्रेस से तेजी से जुड़ रहे हैं।

    वहीं, बहुजन समाज पार्टी के आगामी चुनाव अकेले लड़ने के फैसले पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मायावती के फैसले को बीजेपी के हित में बताया और आरोप लगाया कि इससे एक बार फिर साबित हो गया है कि बसपा बीजेपी की ‘बी टीम’ के तौर पर काम कर रही है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *