KNEWS DESK- छोले के साथ गरमा-गरम कुलचा खाने का स्वाद ही अलग होता है। बाहर मिलने वाले कुल्चे नरम, फूले-फूले और ऊपर से हल्के कुरकुरे होते हैं, लेकिन इन्हें बनाने के लिए घर में तंदूर या ओवन होना जरूरी नहीं है। आप चाहें तो साधारण तवे और थोड़े से पानी की मदद से घर पर ही रेस्टोरेंट स्टाइल कुलचे तैयार कर सकते हैं।

इस तरीके से कुलचा पहले भाप में अच्छी तरह फूलता है और फिर सीधी आंच पर सेंकने से उसमें हल्का कुरकुरापन और स्वाद आ जाता है। त्योहार या घर आए मेहमानों के लिए यह आसान रेसिपी काफी काम आ सकती है।
कुलचा बनाने के लिए सामग्री
आटा तैयार करने के लिए
- 1½ कप मैदा
- 4 बड़े चम्मच दही
- ½ छोटा चम्मच नमक
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- 2 बड़े चम्मच तेल
- जरूरत के अनुसार पानी
स्वादिष्ट स्टफिंग के लिए
- 100 ग्राम पनीर
- 2 बारीक कटे प्याज
- ½ छोटा चम्मच अजवाइन
- 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा अदरक
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा लहसुन
- 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया
- स्वादानुसार नमक
- कसूरी मेथी
- कलौंजी
- जरूरत के अनुसार देसी घी
सबसे पहले तैयार करें नरम आटा
एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें नमक, बेकिंग पाउडर और दही डालकर मिलाएं। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथें। आटा गूंथते समय तेल डालें और इसे तब तक गूंथें, जब तक तेल अच्छी तरह मिल न जाए। आटे को ढककर करीब एक घंटे के लिए रख दें। इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाएगा और कुलचे नरम बनेंगे।
ऐसे तैयार करें पनीर की स्टफिंग
स्टफिंग के लिए प्याज को बारीक काटकर उसमें थोड़ा नमक मिलाएं और करीब 10 मिनट के लिए रख दें। इसके बाद प्याज को अच्छी तरह निचोड़कर उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, अजवाइन, चिली फ्लेक्स, अदरक, लहसुन और हरा धनिया डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर स्टफिंग तैयार कर लें।
कुलचे में भरें स्टफिंग
एक घंटे बाद आटे को दोबारा हल्के हाथ से गूंथें और इसे 6 बराबर लोइयों में बांट लें। स्टफिंग को भी 6 हिस्सों में बांट लें। एक लोई लेकर उसे थोड़ा फैलाएं और बीच में स्टफिंग रखें। किनारों को बंद करके दोबारा बेलें और इसे अंडाकार आकार दें। ऊपर से पानी लगाएं और कलौंजी तथा कसूरी मेथी छिड़क दें।
तवे और पानी से ऐसे पकाएं कुलचा
अब एक तवा गर्म करें। तवे पर करीब ¼ कप पानी डालें और तुरंत कुलचा रखकर ढक दें। पानी से बनने वाली भाप कुलचे को अच्छी तरह फूलने में मदद करेगी।
जब कुलचे का निचला हिस्सा सुनहरा होने लगे तो उसे पलट दें और दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंक लें। इसके बाद कुलचे को तवे से उतार लें और ऊपर से देसी घी लगाएं।
अगर आपको कुलचा थोड़ा ज्यादा कुरकुरा पसंद है तो इसे करीब 30-35 सेकंड तक सीधी आंच पर सेंक सकते हैं। इससे कुलचे में हल्का स्मोकी स्वाद भी आएगा।
https://www.instagram.com/reels/DcSwuBAp1V3/
गरमा-गरम कुलचा ऐसे करें सर्व

तैयार कुलचे को ऊपर से थोड़ा घी लगाकर गरमा-गरम परोसें। इसे मसालेदार छोले, प्याज, अचार या दही के साथ सर्व किया जा सकता है। इस आसान तरीके से बिना तंदूर और ओवन के घर पर ही नरम, फूले-फूले और स्वादिष्ट कुलचे बनाए जा सकते हैं।