बंद पड़ी सीमेंट फैक्ट्री में मिले दो दर्जन बंदरों के शव, मचा हड़कंप

मेरठ। सोमवार की सुबह किठौर थाना क्षेत्र में पिछले काफी समय से बंद पड़ी एक सीमेंट फैक्ट्री की हौद में दो दर्जन बंदरों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद वन विभाग सहित कई विभागों की टीम मौके पर पहुंची। सभी टीमों ने जांच के बाद बरामद हुए बंदरों के शवों को जेसीबी की मदद से गड्ढे में दबवाया। जानकारी के मुताबिक मेरठ गढ़ मार्ग पर भारत धर्म कांटे के पीछे एक सीमेंट फैक्ट्री है। बताया जाता है यह सीमेंट फैक्ट्री पिछले काफी समय से बंद पड़ी है। सोमवार की सुबह क्षेत्रीय ग्रामीणों को फैक्ट्री से दुर्गंध उठती महसूस हुई। जिसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी के बाद इंस्पेक्टर क्राइम सौरभ शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीमेंट फैक्ट्री के भीतर जाकर देखा गया तो हौद में भरे पानी में | लगभग दो दर्जन बंदरों के सड़े गले शव बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस टीम के होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलने पर वन दरोगा राजेश्वर सिंह भी वन विभाग और नगर पंचायत की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चिकित्सा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि शव काफी पुराने हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि बंदर नहाने के लिए पेड़ से कूदे और पानी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि सड़ा गला होने के कारण उनका पोस्टमार्टम संभव नहीं था। जिसके चलते टीम ने जेसीबी की मदद से गड्डा करके बंदरों के शवों को गड्ढे में दबवा दिया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।

About Post Author