Knews Desk: भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में इस बार जन्माष्टमी का उत्सव बेहद खास होने जा रहा है। 4 सितंबर की रात मथुरा का आसमान भगवान कृष्ण की लीलाओं से रोशन होगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2026 के तहत पहली बार बड़े स्तर पर ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।
परिषद के सीईओ लक्ष्मी नागप्पन के मुताबिक, 4 सितंबर को रात 9 बजे से 10 बजे के बीच ड्रोन शो आयोजित होगा। करीब 15 मिनट चलने वाले इस शो में 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म तथा उनकी विभिन्न लीलाओं से जुड़ी आकृतियां और दृश्य बनाएंगे।
इस ड्रोन शो को करीब 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तक देखा जा सकेगा। ऐसे में जन्मभूमि और आसपास के इलाकों में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसमान में होने वाली इस अनोखी कृष्ण लीला का आनंद ले सकेंगे।
मथुरा में जन्माष्टमी का धार्मिक महत्व बेहद खास है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी की मध्यरात्रि में कंस के कारागार में जन्म लिया था। हर साल जन्माष्टमी के मौके पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मथुरा पहुंचते हैं और जन्मभूमि मंदिर में होने वाले जन्माभिषेक के साक्षी बनते हैं।
इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजन के साथ आधुनिक तकनीक का अनोखा अनुभव भी मिलेगा। ड्रोन के जरिए कृष्ण जन्म और उनकी लीलाओं को आसमान में प्रदर्शित करने की तैयारी की गई है।
धार्मिक आयोजनों में बढ़ रहा ड्रोन शो का चलन
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में ड्रोन शो तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पहले भी ड्रोन शो आयोजित किए जा चुके हैं। गुजरात के सोमनाथ मंदिर और राजस्थान के सांवलिया सेठ मंदिर में भी धार्मिक कथाओं और ऐतिहासिक प्रसंगों को ड्रोन के जरिए आसमान में प्रदर्शित किया गया है।
इसी कड़ी में मथुरा का यह आयोजन धार्मिक पर्यटन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जन्माष्टमी के मौके पर 500 ड्रोन से होने वाला यह शो श्रद्धालुओं के लिए इस बार के उत्सव का प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।