KNEWS DESK- बेसन से बनने वाली कढ़ी, पकौड़े और चीला तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन क्या कभी इससे चटनी बनाई है? दही, मसालों और तड़के से तैयार होने वाली गुजराती बेसन की चटनी स्वाद में चटपटी और बनाने में बेहद आसान है।

घर में बेसन रखा हो तो आमतौर पर सबसे पहले कढ़ी, पकौड़े या चीला बनाने का ख्याल आता है। लेकिन गुजरात में इसी बेसन से एक स्वादिष्ट चटनी भी बनाई जाती है। यह चटनी दही, बेसन, हरी मिर्च और मसालों के साथ तैयार होती है और ऊपर से लगाया गया तड़का इसके स्वाद को और बढ़ा देता है।
गुजराती बेसन की चटनी को रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है। इसे बनाने के लिए भी बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। अगर आप रोज-रोज की एक जैसी सब्जी से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी बना सकते हैं।
गुजराती बेसन चटनी के लिए सामग्री
- बेसन – 1/4 कप
- दही – 1/4 कप
- हरी मिर्च – 2
- अदरक – 1 इंच
- हरा धनिया – थोड़ा सा
- तेल – 2 चम्मच
- राई – 1/2 छोटा चम्मच
- हींग – 1 चुटकी
- नमक – 1 चम्मच
- चीनी – 1 चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च – तड़के के लिए
- पानी – आवश्यकतानुसार
ऐसे तैयार करें बेसन की चटनी
सबसे पहले एक बाउल में बेसन और दही डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए अच्छी तरह फेंटें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें और यह बिल्कुल स्मूद तैयार हो।
अब मिक्सी के जार में हरी मिर्च, अदरक और थोड़ा सा हरा धनिया डालकर बारीक पीस लें। तैयार पेस्ट को बेसन और दही के घोल में डालकर अच्छी तरह मिला लें।
इसके बाद एक पैन में 2 चम्मच तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें राई और एक चुटकी हींग डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें बेसन का तैयार घोल डाल दें और लगातार चलाते रहें।
घोल में नमक, चीनी और लाल मिर्च पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब इसे लगातार चलाते हुए पकाएं। कुछ देर में मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। जब चटनी आपकी पसंद के मुताबिक गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद करके इसे एक बाउल में निकाल लें।
ऊपर से लगाएं मसालेदार तड़का
चटनी का स्वाद बढ़ाने के लिए एक छोटे पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें। इसमें सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का चटका लें। अब इस तैयार तड़के को बेसन की चटनी के ऊपर डाल दें। आखिर में बारीक कटे हरे धनिये से चटनी को गार्निश करें। आपकी गुजराती बेसन की चटनी तैयार है। इसे गरम-गरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोस सकते हैं।