KNEWS DESK- सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कई लोगों के सिर में रूसी यानी डैंड्रफ की समस्या बढ़ जाती है। स्कैल्प पर सफेद परत जमने के साथ खुजली और जलन भी परेशान कर सकती है। ऐसे में लोग अक्सर बाहर जाने या बालों में हाथ लगाने से भी बचने लगते हैं। आखिर सर्दियों में डैंड्रफ की समस्या क्यों बढ़ जाती है और इससे राहत पाने के लिए क्या किया जा सकता है? आइए जानते हैं।

सर्दियों में तापमान और नमी का स्तर कम होने लगता है। इसका सीधा असर सिर की त्वचा यानी स्कैल्प पर पड़ता है। स्कैल्प की नमी तेजी से कम होने के कारण त्वचा रूखी हो सकती है और पपड़ी जमने लगती है, जिसे डैंड्रफ के रूप में देखा जाता है। इसके अलावा घर के अंदर हीटिंग का इस्तेमाल, बहुत गर्म पानी से नहाना और हेयर स्टाइलिंग प्रोडक्ट्स का ज्यादा इस्तेमाल भी स्कैल्प के नेचुरल ऑयल को कम कर सकता है। इससे सूखापन, खुजली और रूसी की समस्या बढ़ सकती है। हालांकि, सर्दियों में डैंड्रफ से बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। इसके लिए जरूरी नहीं कि हर बार महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का ही इस्तेमाल किया जाए। स्कैल्प की नियमित सफाई और कुछ घरेलू उपाय भी मददगार हो सकते हैं।
नारियल तेल
डैंड्रफ से राहत पाने के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। नारियल तेल को हल्का गर्म करके स्कैल्प पर लगाया जा सकता है। करीब 20 से 30 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करने के बाद बालों को शैंपू से धो लें। इससे स्कैल्प की ड्राईनेस कम करने में मदद मिल सकती है।
एलोवेरा जेल
एलोवेरा जेल का इस्तेमाल स्किन के साथ-साथ बालों के लिए भी किया जाता है। डैंड्रफ की समस्या में ताजा एलोवेरा जेल स्कैल्प पर लगाया जा सकता है। इसे करीब 20 मिनट तक लगाने के बाद बालों को अच्छी तरह धो लें।
प्रोबायोटिक्स का इस्तेमाल
स्कैल्प की सेहत के लिए प्रोबायोटिक्स को भी फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद बैक्टीरिया इम्यून फंक्शन को मजबूत करने और डैंड्रफ की समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं।
बालों की नियमित सफाई जरूरी
डैंड्रफ की समस्या से राहत पाने के लिए बालों और स्कैल्प की नियमित सफाई जरूरी है। अपनी समस्या के अनुसार सही हेयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। अगर आप ज्यादा समय धूल-मिट्टी या धूप में बिताते हैं, तो समय-समय पर बालों को अच्छी तरह साफ करें। साथ ही गीले बालों में तेल लगाने से बचें।
सर्दियों में स्कैल्प की नमी बनाए रखना और उसकी नियमित सफाई करना बेहद जरूरी है। अगर डैंड्रफ लगातार बना रहता है, बहुत ज्यादा खुजली होती है या स्कैल्प पर जलन और अन्य समस्या दिखाई देती है, तो विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहेगा।