How to Make Mango Rasmalai: रसमलाई में घोलें आम का जादू, हर निवाले में मिलेगा समर स्पेशल स्वाद! जानें शेफ की ये आसान रेसिपी

KNEWS DESK- अगर आप आम और मिठाइयों के शौकीन हैं तो इस सीजन मैंगो रसमलाई जरूर ट्राई करें। शेफ की आसान रेसिपी से घर पर बनाएं यह स्वादिष्ट और क्रीमी डेजर्ट।

गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में रसीले और मीठे आमों की बहार आ जाती है। आम से बने शेक, आइसक्रीम और मिठाइयों का स्वाद तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी मैंगो रसमलाई ट्राई की है? पारंपरिक रसमलाई में आम का फ्लेवर जोड़कर इसे और भी खास बनाया जा सकता है। यह डेजर्ट बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बेहद पसंद आता है।

मैंगो रसमलाई के लिए जरूरी सामग्री

रसमलाई के लिए

  • घर का बना पनीर – 200 ग्राम
  • चीनी – 2 बड़े चम्मच
  • इलायची – 2

मैंगो मिल्क मिश्रण के लिए

  • दूध – 3 से 4 कप
  • केसर के कुछ धागे
  • चीनी – ¼ कप
  • आम की प्यूरी – ½ कप

गार्निशिंग के लिए

  • आम के छोटे टुकड़े
  • कटे हुए बादाम
  • पिस्ता
  • किशमिश
  • चिरौंजी

ऐसे बनाएं स्वादिष्ट मैंगो रसमलाई

सबसे पहले पनीर को अच्छी तरह हाथों से 8 से 10 मिनट तक मसलें, ताकि वह पूरी तरह मुलायम और चिकना हो जाए। इसके बाद पनीर को बराबर हिस्सों में बांटकर छोटी-छोटी गोलियां बनाएं और हल्का सा चपटा कर लें।

अब एक बर्तन में पानी, चीनी और कुटी हुई इलायची डालकर उबालें। जब पानी उबलने लगे तो उसमें तैयार पनीर की टिक्कियां डाल दें। बर्तन को ढककर मध्यम आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद ये गोलियां फूलकर नरम हो जाएंगी। इन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें।

https://www.instagram.com/reels/DY1uBEjTkqO/

दूसरी ओर एक पैन में दूध उबालें और हल्का गाढ़ा होने तक धीमी आंच पर पकाएं। अब इसमें केसर वाला दूध, चीनी और मेवे मिलाएं। जब दूध पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब इसमें आम की प्यूरी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।

इसके बाद रसगुल्लों को हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें और उन्हें आम वाले दूध में डाल दें। कुछ देर तक इन्हें उसी में रहने दें ताकि वे आम का स्वाद अच्छी तरह सोख लें।

परोसने का तरीका

रसमलाई को 3 से 4 घंटे फ्रिज में ठंडा होने के लिए रखें। सर्व करने से पहले ऊपर से आम के टुकड़े, बादाम और पिस्ता डालकर सजाएं। ठंडी-ठंडी मैंगो रसमलाई का स्वाद गर्मियों में हर किसी का दिल जीत लेगा।

इन बातों का रखें ध्यान

  • पनीर को अच्छी तरह गूंथना जरूरी है, तभी रसमलाई मुलायम बनेगी।
  • आम की प्यूरी हमेशा दूध ठंडा होने के बाद ही मिलाएं।
  • दूध को ज्यादा गाढ़ा न करें, उसका टेक्सचर हल्का क्रीमी रहना चाहिए।
  • बेहतर स्वाद के लिए मीठे और पके हुए आमों का इस्तेमाल करें।

इस समर सीजन अगर घर में कोई खास मेहमान आने वाला है या परिवार के लिए कुछ नया बनाना चाहते हैं, तो मैंगो रसमलाई एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *