महाराष्ट्र में जहरीली शराब का कहर, पुणे-पिंपरी चिंचवाड़ में 14 लोगों की मौत

Knews Desk- महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में जहरीली शराब ने बड़ा कहर बरपाया है। जहरीली शराब के सेवन से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस-प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मौत के ये मामले पिछले दो दिनों में सामने आए हैं। पिंपरी-चिंचवाड़ क्षेत्र में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि पुणे शहर में भी कई लोगों ने जहरीली शराब पीने के बाद दम तोड़ दिया। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में फुगेवाड़ी और हड़पसर शामिल हैं। फुगेवाड़ी में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फुगेवाड़ी इलाके में अकेले छह लोगों की जान गई है। वहीं, हड़पसर क्षेत्र में भी कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें लगातार प्रभावित लोगों की निगरानी कर रही हैं। फिलहाल पांच लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश वानखेड़े, कर्नल सिंह विरखा, गुरमीत सिंह विरखा और राधेश्याम प्रजापति के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 8 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब कहां तैयार की गई और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध शराब का सेवन न करें और ऐसी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *