क्या आप आम खाने का सही तरीका जानते हैं? गलत आदतें इस स्वादिष्ट फल को बना सकती हैं नुकसानदायक

KNEWS DESK- गर्मियों का मौसम आते ही हर किसी को फलों के राजा आम का इंतजार रहता है। मीठा, रसीला और मन को खुश कर देने वाला आम न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि पोषण से भी भरपूर होता है। लेकिन अक्सर लोग आम खाते समय कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिससे फायदे की जगह नुकसान हो सकता है।

अगर आम को सही तरीके से खाया जाए तो यह सेहत के लिए बेहद लाभकारी साबित होता है। आइए जानते हैं आम खाने का सही तरीका और उससे जुड़े जरूरी नियम।

बिना भिगोए आम खाना पड़ सकता है भारी

अक्सर लोग बाजार से आम लाकर सीधे खा लेते हैं या फिर फ्रिज से निकालकर तुरंत खा लेते हैं। लेकिन ऐसा करना सही नहीं माना जाता। विशेषज्ञों के अनुसार, आम को खाने से पहले पानी में भिगोना बेहद जरूरी है। इससे न केवल उसकी सतह पर मौजूद गंदगी और केमिकल्स साफ होते हैं, बल्कि यह शरीर के लिए भी ज्यादा फायदेमंद बन जाता है।

पोषक तत्वों से भरपूर है आम

आम में कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं, जैसे: विटामिन C, विटामिन A, विटामिन K, विटामिन E और B ये सभी तत्व शरीर की इम्युनिटी बढ़ाने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

आम को भिगोकर खाने के फायदे

फाइटिक एसिड कम होता है

आम में फाइटिक एसिड पाया जाता है, जो शरीर में आयरन, जिंक और कैल्शियम के अवशोषण को प्रभावित कर सकता है।
पानी में भिगोने से इसका प्रभाव कम हो जाता है।

पाचन तंत्र रहता है दुरुस्त

भिगोकर आम खाने से पेट से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं।
यह गैस, एसिडिटी और अपच जैसी दिक्कतों से बचाता है।

केमिकल्स और पेस्टिसाइड्स हटते हैं

भिगोने से आम पर लगे हानिकारक पेस्टिसाइड्स साफ हो जाते हैं, जिससे एलर्जी और स्किन इरिटेशन का खतरा कम होता है।

शरीर की गर्मी संतुलित रहती है

आम की तासीर गर्म होती है। बिना भिगोए ज्यादा मात्रा में खाने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है।
भिगोकर खाने से यह प्रभाव कम हो जाता है और एक्ने या फुंसियों जैसी समस्याएं भी कम होती हैं।

कितनी देर तक भिगोना चाहिए आम?

आम को खाने से पहले कम से कम 15 से 30 मिनट तक पानी में भिगोना चाहिए। हालांकि, बेहतर परिणाम के लिए इसे 1 से 2 घंटे तक भिगोकर रखना सबसे अच्छा माना जाता है। आप चाहें तो आम को इससे ज्यादा देर तक भी भिगो सकते हैं, इससे कोई नुकसान नहीं होता।

आम स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी खजाना है, लेकिन इसे सही तरीके से खाना जरूरी है। सिर्फ एक छोटी सी आदत—आम को पानी में भिगोकर खाने से—आप कई स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकते हैं और इसके पूरे फायदे उठा सकते हैं। तो अगली बार जब आम खाएं, तो पहले उसे भिगोना न भूलें और गर्मियों का आनंद सेहतमंद तरीके से लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *