Knews Desk– म्यांमार के तौंगगी हॉट-एयर बैलून फेस्टिवल में जश्न के बीच बड़ा हादसा हो गया। पटाखों से भरा एक विशाल गुब्बारा भीड़ के ठीक ऊपर फट गया, जिससे चारों तरफ आग की चिंगारियां और मलबा फैल गया। हादसे में 16 लोग झुलस गए, जबकि करीब 120 लोगों को घबराहट और मामूली चोटों के चलते मेडिकल मदद लेनी पड़ी।
जश्न के बीच अचानक आसमान से बरसने लगी आग
म्यांमार के मशहूर ‘तज़ाउंगदाइंग’ हॉट-एयर बैलून फेस्टिवल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जश्न का माहौल अचानक डर और चीख-पुकार में बदल गया। शान राज्य की राजधानी तौंगगी में हो रहे इस सालाना उत्सव के दौरान पटाखों से लदा एक विशालकाय गुब्बारा भीड़ के ठीक ऊपर हवा में ही खराब हो गया।
गुब्बारे में लगे पटाखे तय समय से पहले ही फटने लगे, जिससे जलती हुई चिंगारियां और मलबा सीधे नीचे खड़े लोगों पर आ गिरा।
हजारों लोगों के बीच हुआ खौफनाक हादसा
यह हादसा 20 नवंबर की रात को हुआ, जब रात के समय गुब्बारे उड़ाने की प्रतियोगिता चल रही थी। हर साल की तरह इस बार भी हजारों लोग आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने के लिए जमा हुए थे।
लेकिन जैसे ही यह बड़ा गुब्बारा ऊपर उठा, उसमें आग लग गई। आसमान की ऊंचाइयों पर जाने के बजाय गुब्बारे में लगे पटाखे जमीन के काफी करीब ही फटने लगे। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
चिंगारियों से बचने के लिए कंबल ओढ़कर भागे लोग
अचानक हुई आतिशबाजी से वहां भगदड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। कई लोगों ने गिरती हुई चिंगारियों से बचने के लिए कंबल तक ओढ़ लिए।
इस हादसे में 16 लोग झुलस गए, जबकि करीब 120 लोगों को घबराहट और मामूली चोटों की वजह से मेडिकल मदद लेनी पड़ी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
क्या है तौंगगी का हॉट-एयर बैलून फेस्टिवल?
म्यांमार में हर साल नवंबर के महीने में रोशनी के त्योहार के रूप में यह फेस्टिवल बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसमें बांस और कागज से बने हाथ के गुब्बारे उड़ाए जाते हैं।
दिन में जानवरों के आकार के गुब्बारे उड़ते हैं, जबकि रात में ‘न्यामीकी’ यानी पटाखों वाले गुब्बारे और ‘सीनापन’ यानी लालटेन से सजे गुब्बारे आसमान की रौनक बढ़ाते हैं।
2026 की इस प्रतियोगिता में कुल 561 गुब्बारों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 112 रात में उड़ने वाले गुब्बारे थे। इतनी बड़ी भीड़ और भारी संख्या में गुब्बारों के बीच सुरक्षा हमेशा एक बड़ी चुनौती रहती है।
पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
इस घटना ने इसी साल त्योहार की तैयारियों के दौरान हुए एक और दर्दनाक हादसे की यादें ताजा कर दी हैं। 24 अक्टूबर को तौंगगी के म्या यदनार रोड पर तीन बड़े गुब्बारों के लिए बारूद के छल्ले तैयार करते समय जोरदार धमाका हुआ था।
उस हादसे में 13 साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हुए थे। उस वक्त फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया था और मालिक को गिरफ्तार भी किया गया था।