Knews Desk– अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच अब एक बड़ा दावा सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देशों के बीच एक अहम समझौता लगभग तय हो चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील के तहत ईरान अपने हाईली एनरिच्ड यूरेनियम यानी उच्च स्तर पर संवर्धित यूरेनियम के भंडार को छोड़ने पर सहमत हो गया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिकी अधिकारियों और ईरानी प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद यह सहमति बनी है। बताया जा रहा है कि ईरान अपने पास मौजूद उस यूरेनियम को छोड़ सकता है, जिससे परमाणु हथियार बनाए जाने की आशंका जताई जा रही थी।
ट्रंप ने कहा- डील लगभग फाइनल
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि समझौते के ज्यादातर हिस्सों पर सहमति बन चुकी है और जल्द आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते के बाद दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोला जाएगा।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर पिछले कई महीनों से तनाव बना हुआ था। यह समुद्री रास्ता वैश्विक तेल सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है। अगर यह दोबारा खुलता है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई सामान्य हो सकती है।
ईरान ने पूरी तरह नहीं मानी बात
हालांकि ईरान की ओर से अभी इस समझौते की पूरी पुष्टि नहीं की गई है। ईरानी मीडिया ने ट्रंप के कुछ दावों पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि अभी कई मुद्दों पर बातचीत जारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील में युद्धविराम, प्रतिबंधों में राहत और परमाणु कार्यक्रम पर निगरानी जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। पाकिस्तान समेत कई देशों ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। अगर यह समझौता पूरी तरह लागू होता है तो इससे मध्य-पूर्व में तनाव कम होने के साथ-साथ वैश्विक राजनीति और तेल बाजार पर भी बड़ा असर पड़ सकता है।