Knews Desk- पंजाब सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार ने 25 अगस्त से 100 नए आम आदमी क्लीनिक (मोहल्ला क्लीनिक) शुरू करने का फैसला किया है। इन क्लीनिकों के शुरू होने के बाद प्रदेश में ऐसे क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो जाएगी।
सरकार का उद्देश्य शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों तक लोगों को उनके घर के नजदीक मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। फिलहाल राज्य में 990 आम आदमी क्लीनिक संचालित हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों को नि:शुल्क इलाज, दवाइयां और लैब जांच की सुविधा दी जा रही है।
इसके अलावा पंजाब सरकार मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज भी उपलब्ध करा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
किन जिलों में खुलेंगे नए क्लीनिक?
100 नए क्लीनिक प्रदेश के विभिन्न जिलों में खोले जाएंगे। इनमें सबसे अधिक लुधियाना (20) और अमृतसर (14) में बनाए जाएंगे।
- अमृतसर – 14
- बठिंडा – 8
- फरीदकोट – 5
- फाजिल्का – 6
- फिरोजपुर – 3
- गुरदासपुर – 3
- होशियारपुर – 1
- जालंधर – 10
- कपूरथला – 2
- लुधियाना – 20
- मालेरकोटला – 1
- मोगा – 2
- पठानकोट – 1
- पटियाला – 1
- संगरूर – 8
- एसएएस नगर (मोहाली) – 1
- श्री मुक्तसर साहिब – 10
- तरनतारन – 2
उद्घाटन का तरीका होगा अलग
सूत्रों के मुताबिक, इस बार नए क्लीनिकों के लिए कोई राज्यस्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। प्रत्येक जिले में संबंधित विधायक और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में इन क्लीनिकों का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए 25 से 31 अगस्त के बीच कार्यक्रम तय किए जाएंगे, हालांकि अधिकांश क्लीनिकों में सेवाएं 25 अगस्त से ही शुरू होने की संभावना है।