हरियाणा में UCC लागू करने की तैयारी, शादी से तलाक और संपत्ति तक होंगे समान नियम

KNEWS DESK- हरियाणा में समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। हरियाणा राज्य विधि आयोग ने प्रस्तावित UCC का विस्तृत ड्राफ्ट राज्य सरकार को सौंप दिया है। इसमें सभी धर्मों के नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और गोद लेने के समान नियम प्रस्तावित किए गए हैं।

सरकार लेगी कानूनी राय, फिर विधानसभा में आएगा बिल

राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष जस्टिस एच.एस. भल्ला की ओर से तैयार ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने से पहले सरकार एडवोकेट जनरल और विधि परामर्शी से कानूनी राय लेगी। इसके बाद इसे विधानसभा से पास कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। प्रस्ताव में बहुविवाह पर पूर्ण प्रतिबंध और विवाह के 60 दिनों के भीतर अनिवार्य पंजीकरण का प्रावधान रखा गया है। पुरानी अपंजीकृत शादियों के लिए एक साल की समय-सीमा प्रस्तावित है।

बेटियों को संपत्ति में समान अधिकार

UCC ड्राफ्ट में संपत्ति के बंटवारे में बेटियों को समान अधिकार देने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही सभी धर्मों के लोगों के लिए गोद लेने का एक समान कानूनी ढांचा बनाने की बात कही गई है। हालांकि, अलग-अलग धर्मों के लोगों को अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह करने की स्वतंत्रता बरकरार रहेगी। विवाह के बाद 60 दिनों के भीतर सरकारी रिकॉर्ड में उसका पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

सभी धर्मों में एक ही जीवनसाथी का नियम

प्रस्तावित UCC में सभी धर्मों के लिए एक समय में केवल एक जीवित जीवनसाथी रखने का नियम होगा। इसके तहत बहुविवाह पर रोक लगेगी। तलाक के लिए भी समान कानूनी आधार प्रस्तावित किए गए हैं। एकतरफा या मौखिक तलाक को कानूनी मान्यता नहीं देने की बात कही गई है। तलाक के बाद दोबारा शादी के लिए किसी तीसरे व्यक्ति से निकाह जैसी बाध्यता को भी खत्म करने का प्रस्ताव है।

लिव-इन रिलेशनशिप पर भी सख्ती

ड्राफ्ट में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर भी सख्त प्रावधान किए गए हैं। लिव-इन में रहने वाले जोड़ों को सब-रजिस्ट्रार या रजिस्ट्रार के पास अपना विवरण दर्ज कराना होगा। 21 वर्ष से कम आयु के किसी व्यक्ति के लिव-इन में रहने पर उसके माता-पिता या अभिभावकों को सूचना देने का प्रावधान है। बिना पंजीकरण एक महीने से अधिक समय तक लिव-इन में रहने पर तीन महीने तक की कैद या 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है। धोखाधड़ी या दबाव बनाकर सहमति लेने पर पांच साल तक की सजा का प्रावधान भी प्रस्तावित है।

सरकार के समर्थन में मंत्री, विपक्ष ने उठाए सवाल

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने प्रस्तावित UCC का समर्थन करते हुए कहा है कि संविधान की नजर में सभी नागरिक बराबर हैं। मंत्री श्रुति चौधरी ने भी इसे निर्णायक और मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया है। वहीं, विपक्षी दलों ने UCC ड्राफ्ट को सार्वजनिक करने और सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। पूर्व मंत्री संपत सिंह ने सरकार से ड्राफ्ट सार्वजनिक कर इस पर व्यापक चर्चा कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *