गुरुग्राम को मिली 100 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, जानें कितना होगा किराया

KNEWS DESK- गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन सिस्टम को मजबूत करने के लिए हरियाणा सरकार ने शहर को 100 नई AC इलेक्ट्रिक बसों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने नए ई-बस डिपो का उद्घाटन किया और बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बसें शहर के 20 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। इनका किराया 15 से 35 रुपये के बीच रखा गया है।

20 रूटों पर दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें

नई बसों से मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर हब, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, द्वारका एक्सप्रेसवे और नए आवासीय सेक्टरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। गुरुग्राम की घनी आबादी और संकरी सड़कों को देखते हुए 9 मीटर लंबी बसें संचालित की गई हैं।

किराए की बात करें तो 0 से 6 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए 15 रुपये, 6 से 13 किलोमीटर तक 25 रुपये और 13 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 35 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।

डिपो में 24 चार्जिंग पॉइंट

सेक्टर-48 के नए ई-बस डिपो में 24 चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां एक साथ 120 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। भविष्य में सेक्टर-103, सेक्टर-65 और मानेसर में भी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 नई बसों के शामिल होने से GMCBL के बेड़े में बसों की संख्या बढ़कर 250 हो गई है। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की।

सुरक्षा सुविधाओं से लैस हैं बसें

9 मीटर लंबी और पूरी तरह वातानुकूलित इन बसों में चालक समेत 27 सीटें हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, पैनिक बटन, फायर अलार्म, इमरजेंसी हैमर, LED डिस्प्ले, PA सिस्टम और डिजिटल टिकटिंग की सुविधा दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी लगाए गए हैं।

गुरुग्राम का यह हरियाणा का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है। प्रदेश के 10 बड़े शहरों में फिलहाल 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं, जिन्हें इस साल के अंत तक 375 करने का लक्ष्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *