बस नाम के मुख्यमंत्री हैं नायब सिंह सैनी…, कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने हरियाणा के सीएम पर बोला हमला

KNEWS DESK- कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रविवार को नायब सिंह सैनी को “डमी सीएम” करार देते हुए कहा कि उनके हाथ में कुछ भी नहीं है। भाजपा नेता सैनी ने पिछले महीने पार्टी में तेजी से हुए बदलाव के तहत मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद संभाला था।

रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झज्जर जिले के बेरी में एक रैली में राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए, भूपिंदर हुड्डा ने यह भी दावा किया कि पिछले लगभग 10 वर्षों के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय सहित विभिन्न विकासात्मक मानकों पर पिछड़ गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि नायाब सिंह तो नाम का मुख्यमंत्री हैं, ये तो डमी मुख्यमंत्री हैं। इसके बस का कुछ नहीं है।

उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसा प्रयोग हुआ था। जैसे चौधरी ओम प्रकाश (चौटाला) ने मास्टर हुकम सिंह (1990-91 में मुख्यमंत्री) को बनाया था, वैसे ही उन्हें (सैनी) को सीएम बनाया गया है। उन्होंने बेरी के मतदाताओं से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि इस बार उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा रोहतक सीट से एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल करें। दीपेंद्र हुड्डा, जो कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य हैं, 2019 के आम चुनाव में रोहतक सीट बरकरार रखने में असफल रहे थे। वह बीजेपी के अरविंद शर्मा से हार गए थे। बेरी और किलोई दोनों विधानसभा क्षेत्र रोहतक संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए सात चरण के आम चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। 2014 में हरियाणा, जो प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, नौकरियां देने, कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर, खेल में नंबर वन था, पिछले 10 सालों में पिछड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “…हरियाणा आज कहां है। हरियाणा आज बेरोजगारी, महंगाई और अपराध में नंबर वन है।

ये भी पढ़ें-   लोकसभा चुनाव: अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा इस सप्ताह अरुणाचल में करेंगे प्रचार, पार्टी का घोषणापत्र भी करेंगे जारी

About Post Author