कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक साझा की है। इस वीडियो के जरिए उन्होंने अपनी जिंदगी, रिश्तों, जिम्मेदारियों और निजी संघर्षों से जुड़ी कहानी की झलक पेश की है।
Knews Desk – सोनिया गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “नमस्ते सभी को, आप सबके साथ इस पल को शेयर करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है; पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की पहली झलक। ये प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनी जगह खोजने की कहानी है। मुझे इसे आप सबके साथ शेयर करने का बेसब्री से इंतजार है।”
इटली के बचपन से भारत तक के सफर की कहानी
सोनिया गांधी की आत्मकथा में उनके जीवन के कई अहम पड़ावों को शामिल किया गया है। किताब में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीते उनके बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी के साथ बिताए पलों और उनसे प्रेम के बाद भारत आने तक के सफर का जिक्र है।
इंदिरा और राजीव गांधी को खोने के अनुभव भी होंगे शामिल
इस किताब में सोनिया गांधी के जीवन से जुड़े भावनात्मक अनुभवों को भी जगह दी गई है। इसमें उनकी सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी की हत्या से जुड़े निजी अनुभवों के साथ उन घटनाओं का उनके जीवन पर पड़े असर को भी समेटा गया है। किताब में बताया गया है कि अपनों को खोने के दुख ने भारत के साथ उनके रिश्ते और जीवन को किस तरह प्रभावित किया।
79 वर्षीय सोनिया गांधी कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली नेताओं में शामिल हैं। उनकी आत्मकथा उनके निजी जीवन, पारिवारिक रिश्तों, जिम्मेदारियों और भारत में उनके सफर के विभिन्न पहलुओं को सामने लाने का प्रयास करती है। इंस्टाग्राम पर साझा किया गया वीडियो इसी किताब की पहली झलक है।