KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नेता’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले वीकेंड में दमदार कमाई करने के बाद फिल्म ने सोमवार को भी अच्छी पकड़ बनाए रखी। हालांकि वीकेंड के मुकाबले पांचवें दिन कलेक्शन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का कुल कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है।
पांचवें दिन ‘जन नेता’ ने कमाए 10.15 करोड़
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, ‘जन नेता’ ने रिलीज के पांचवें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 10.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। रविवार के मुकाबले सोमवार को फिल्म की कमाई में करीब 68.3 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली, लेकिन वर्किंग डे को देखते हुए इसे संतोषजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।
भाषाई आधार पर फिल्म की कमाई की बात करें तो तमिल वर्जन ने सबसे ज्यादा 8.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। हिंदी वर्जन से 1.20 करोड़ रुपये, जबकि तेलुगु वर्जन से करीब 55 लाख रुपये की कमाई हुई। सोमवार को फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 21.7 प्रतिशत रही।
5 दिन में 134.90 करोड़ का नेट कलेक्शन
फिल्म ने पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। दूसरे दिन कलेक्शन 21.15 करोड़ रुपये रहा, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 28.90 करोड़ रुपये कमाए। चौथे दिन कारोबार बढ़कर 32 करोड़ रुपये पहुंच गया और पांचवें दिन फिल्म ने 10.15 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
इसी के साथ ‘जन नेता’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 134.90 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 157.74 करोड़ रुपये हो चुका है।
दुनियाभर में 233 करोड़ का आंकड़ा पार
घरेलू बाजार के अलावा विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। पांचवें दिन ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही दुनियाभर में ‘जन नेता’ का कुल कलेक्शन 233 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
300 करोड़ क्लब से कितनी दूर?
फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन ही 200 करोड़ रुपये का वैश्विक आंकड़ा पार कर लिया था। अब 300 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए ‘जन नेता’ को लगभग 67 करोड़ रुपये की और जरूरत है। यदि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई स्थिर रहती है, तो यह माइलस्टोन जल्द ही हासिल किया जा सकता है।
थलपति विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म होने की वजह से दर्शकों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि शुरुआती दिनों में फिल्म को देश और विदेश दोनों जगह मजबूत दर्शक समर्थन मिला है।