Knews Desk- जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 23 जुलाई को जिला सेवायोजन कार्यालय और राजकीय आईटीआई, मेरठ रोड के संयुक्त तत्वावधान में एचएलएम कॉलेज परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें निजी क्षेत्र की छह कंपनियों ने 200 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की।
रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों ने उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर योग्यता के आधार पर चयन किया। मेले में चयनित अभ्यर्थियों के लिए 16 हजार रुपये से लेकर 4 लाख रुपये वार्षिक तक के वेतन पैकेज वाले पद उपलब्ध कराए गए।
भर्ती प्रक्रिया में बजाज लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई बैंक, यमुना इंडस्ट्रीज, जीएमपी टेक्निकल सॉल्यूशंस, हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस और एसकेएम प्लेसमेंट एंड मैनेजमेंट कंसल्टेंट्स समेत छह निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया। इन कंपनियों ने फ्रंटलाइन सेल्स, रिलेशनशिप मैनेजर, एचआर मैनेजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, टेक्नीशियन, हेल्पर, सेल्स मैनेजर और अन्य तकनीकी पदों पर भर्ती की।
जिला सेवायोजन अधिकारी दिव्या त्रिपाठी ने बताया था कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पहले रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक था। साथ ही उन्हें शैक्षिक प्रमाणपत्रों की प्रतियां, बायोडाटा और पासपोर्ट आकार के छह फोटो लेकर आने के निर्देश दिए गए थे।
रोजगार मेले का उद्देश्य निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और जिले के अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी से जोड़ना था।