KNEWS DESK- सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने साथ में कई सफल फिल्मों में काम किया है, जिन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला। अब सूरज बड़जात्या की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज के बाद सलमान खान ने खास अंदाज में इसका प्रमोशन किया है।
सलमान खान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए सूरज बड़जात्या को बधाई दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के पोस्टर को साझा किया। इस पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा, ‘बधाई हो सूरज बाबू। ये प्रेम मोल लिया के बारे में मैं अच्छी बातें सुन रहा हूं। आपके प्रेम की ओर से आपको ढेर सारा प्रेम।’ सलमान का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
सलमान और सूरज बड़जात्या का रिश्ता काफी पुराना है। सलमान ने सूरज बड़जात्या की कई फिल्मों में ‘प्रेम’ का किरदार निभाया है। यही वजह है कि सूरज की नई फिल्म में ‘प्रेम’ नाम जुड़ने के साथ ही सलमान का इससे खास कनेक्शन भी नजर आ रहा है। फिल्म के प्रमोशन के जरिए सलमान ने अपने पुराने दोस्त के लिए अपना समर्थन जाहिर किया है।
दो दिन में फिल्म ने कमाए करीब 20 करोड़
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर ‘ये प्रेम मोल लिया’ को दर्शकों से शुरुआती दिनों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म को एक यूनिक कॉन्सेप्ट वाली फैमिली ड्रामा के तौर पर पेश किया गया है। दोनों कलाकारों की जोड़ी को भी दर्शकों की ओर से पसंद किया जा रहा है।
फिल्म ने रिलीज के दो दिनों में करीब 18 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। रविवार को भी फिल्म से बेहतर कमाई की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में ‘ये प्रेम मोल लिया’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी सफलता हासिल कर पाती है।