रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में इस बार मनोरंजन के साथ इमोशनल पल भी देखने को मिले। कानूनी बाध्यताओं के चलते तेज प्रताप यादव को शो बीच में छोड़ना पड़ा। वहीं, होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने ऐलान किया कि इस हफ्ते कोई एलिमिनेशन नहीं होगा। इसके साथ ही तीन नए वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट्स की एंट्री ने गेम के समीकरण बदल दिए हैं।
Knews Desk – अमेजन प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। होस्ट वीरेंद्र सहवाग के इस शो में एक तरफ कॉमेडियन डॉ. संकेत भोसले ने अपने संजय दत्त वाले अंदाज से घरवालों को खूब हंसाया, तो दूसरी तरफ तेज प्रताप यादव के अचानक शो छोड़ने की खबर ने सभी को भावुक कर दिया। शो के पहले अल्टीमेट रूलर रह चुके तेज प्रताप को कानूनी बाध्यताओं के चलते बीच में ही शो से विदा लेना पड़ा।
एपिसोड की शुरुआत कॉमेडियन संकेत भोसले की एंट्री से हुई। वह संजय दत्त के सिग्नेचर अंदाज में टावर के भीतर पहुंचे और अपने मजाकिया अंदाज से माहौल खुशनुमा बना दिया। उन्होंने कहा, “मेरे से ज्यादा राइज एंड फॉल किसने देखा है यार लाइफ में… मेरे जीवन पर तो पूरा शो बना दिया, मजा आ गया!” इसके बाद शहजाद पूनावाला ने पिछली बॉलीवुड पार्टी में तेज प्रताप के संजय दत्त वाले अवतार का जिक्र किया। तेज प्रताप ने भी पलटकर शहजाद को याद दिलाया कि वह खुद मुन्ना भाई बने थे। इसके बाद संकेत, तेज प्रताप और शहजाद ने मिलकर संजय दत्त की मशहूर वॉक को रीक्रिएट किया, जिसे देखकर घरवाले हंसने लगे।
हालांकि, कुछ ही देर बाद शो का माहौल बदल गया। होस्ट वीरेंद्र सहवाग एलिमिनेशन का फैसला सुनाने पहुंचे। बेसमेंट में प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, काजल राघवानी, राज ग्रोवर और कायरा नॉमिनेटेड थे। सहवाग ने पहले बताया कि इस सप्ताह बेसमेंट से किसी भी कंटेस्टेंट को बाहर नहीं किया जाएगा। लेकिन इसके बाद उन्होंने तेज प्रताप यादव के शो छोड़ने की जानकारी देकर सभी को चौंका दिया।
सहवाग ने बताया कि कानूनी प्रक्रियाओं और कोर्ट केस से जुड़ी बाध्यताओं के चलते तेज प्रताप को तुरंत टावर छोड़ना होगा। इस पर तेज प्रताप भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “कुछ मजबूरियां हैं, जिनकी वजह से मुझे जाना पड़ेगा। इस टावर में मुझे नए दोस्त बनाने का मौका मिला और सभी ने मुझे बहुत प्यार दिया। उम्मीद करता हूं कि ग्रैंड फिनाले के मंच पर हम सब फिर मिलेंगे।”
शो से विदाई लेने से पहले तेज प्रताप ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर से आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि जब पेंटहाउस में स्वरा उन्हें अपने हाथों से खाना परोसती थीं, तो उन्हें अपनी मां राबड़ी देवी की याद आ जाती थी। उनकी इस बात ने माहौल को और भावुक कर दिया। इसके बाद घर के सभी रूलर्स और वर्कर्स ने एक साथ डांस किया और उन्हें विदाई दी।
https://www.instagram.com/reels/DeYnDzwNFtK/
तेज प्रताप के जाने के बाद भी शो में ट्विस्ट खत्म नहीं हुए। वीरेंद्र सहवाग ने घोषणा की कि इस सप्ताह कोई एलिमिनेशन नहीं होने के कारण पांचों नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स का नॉमिनेशन अगले सप्ताह के लिए जारी रहेगा। इनमें प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, काजल राघवानी, राज ग्रोवर और कायरा शामिल हैं।
इसी बीच शो में तीन नए वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट्स ऋषभ जायसवाल, जशवंत बोपन्ना और सोनम मलिक की एंट्री हुई। ऋषभ को सीधे पेंटहाउस में जगह मिली, जबकि जशवंत और सोनम को बेसमेंट में भेजा गया। इन नई एंट्रीज के बाद शो में रूलर्स और वर्कर्स के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नए कंटेस्टेंट्स गेम में क्या बदलाव लाते हैं और अगले सप्ताह नॉमिनेटेड सदस्यों में से किसकी मुश्किलें बढ़ती हैं।